Manimahesh Yatra: चम्बा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। हालात बिगड़ने के चलते प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, यात्रा के दौरान अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जिनमें से 8 शव बरामद कर परिजनों को सौंपे गए हैं, जबकि 3 शव अब भी लापता हैं।
लगातार भूस्खलनों और सड़कें टूटने से 10 से 12 हजार यात्री विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले की सैकड़ों सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई हैं। बिजली के ट्रांसफार्मर और पेयजल योजनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे पूरे जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र जनजातीय पांगी और भरमौर हैं, जहां कई दिनों तक मोबाइल और नेटवर्क सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। हाल ही में आंशिक रूप से नेटवर्क बहाल हुआ है, लेकिन भरमौर क्षेत्र में संचार व्यवस्था अब भी बाधित है।
राहत और बचाव कार्य तेज
प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्य में लगी हुई हैं। हेलीकॉप्टर की मदद से फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और भोजन-जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने दावा किया है कि सभी फंसे यात्री सुरक्षित हैं और रास्ते में उनके रहने-खाने की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें…
Uttarakhand Cloudburst News: उत्तराखंड में खौफनाक तबाही, चमोली में बादल फटने से कहर
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने फंसे श्रद्धालुओं के लिए “ऑपरेशन हौंसला” शुरू किया है। नेटवर्क बाधित होने के कारण लोग परिजनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने संपर्क के लिए शिमला कंट्रोल रूम के नंबर 0177-2621796, 0177-2621714 और आपातकालीन सेवा नंबर 112 जारी किए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर विश्वास न करें।
यह भी पढ़ें…
Chamoli Cloudburst News: चमोली में बादल फटने से भारी तबाही, 2 लोग लापता
सरकारी निगरानी और अपील
प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने बताया कि चम्बा-भरमौर मार्ग पर बग्गा और दुर्गट्टी क्षेत्रों में भारी भूस्खलन हुआ है। इसके चलते चम्बा शहर में लगभग 10 हजार लोग फंसे थे, जिनमें से करीब 7,000 लोग सुरक्षित घर लौट चुके हैं, जबकि भरमौर में अब भी करीब 3,000 तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर से राशन व दवाइयां पहुंचाई जाएंगी।
इस बीच विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया आज चम्बा का दौरा करेंगे। वहीं, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पहले ही स्थिति का जायजा लेने पहुंच चुके हैं।
यह भी पढ़ें…