उपचुनाव: मप्र में ‘शिव’ का ‘राज’ तो उप्र में ‘योगी’ राज कायम

पूरे देश की 58 सीटों के उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा में भरा जोश

नई दिल्ली। झारखण्ड, महाराष्ट्र जैसे राज्य खोने से मायूस भारतीय जनता पार्टी को बिहार के साथ-साथ कई राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजों ने बड़ी राहत दी है।

पार्टी ने मध्यप्रदेश में अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा हासिल कर जहाँ चैन की सांस ली है तो वहीँ यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी पकड़ साबित करने में कामयाब रहे हैं। गुजरात में भाजपा ने अपनी मजबूत पकड़ फिर से साबित की है।

उपचुनावों में भाजपा को कई राज्यों में सीटों का लाभ मिला है। 58 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने 40 सीटों पर कब्जा किया है। उपचुनाव मामले में पार्टी की सबसे बड़ी चिंता मध्यप्रदेश थी।

सत्ता बचाने के लिए पार्टी को 28 में से हर हाल में नौ सीटों की जरूरत थी। चूंकि इनमें से अधिकांश सीटें कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई थीं। ऐसे में नतीजों को ले कर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे।

हालांकि नतीजों ने साबित किया कि राज्य में शिवराज के साथ कुछ महीने पूर्व कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर लोगों ने दोबारा भरोसा जताया है और इनकी मजबूत पकड़ ने पार्टी को बड़ी कामयाबी दिलाई है।

भाजपा को यहां 19 सीटों पर सफलता हासिल हुई है जबकि कांग्रेस ने नौ सीटें हासिल की हैं। 

गुजरात में जादू बरकरार

गुजरात की आठों सीटें जीतकर भाजपा ने एक बार फिर राज्य में अपनी लोकप्रियता का लोहा मनवाया है। राज्य की उन आठ सीटों पर उपचुनाव हुए थे जो ज्यादातर कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई थी।

विधानसभा चुनाव में भाजपा को मामूली बहुमत हासिल हुआ था। इस बीच कई कांग्रेस विधायकों के भाजपा के साथ आने और अब उपचुनाव में मिली बड़ी सफलता के बाद पार्टी की सीटों की संख्या में जबर्दस्त बढ़ोत्तरी हुई है।

58 में 40 सीटें भाजपा की झोली में

देश के 11 राज्यों की 58 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने 40 सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें सबसे अधिक मध्यप्रदेश में 19, गुजरात की सभी आठ और यूपी में सात में से छह सीटें जीतीं।

इसके अलावा मणिपुर में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी ने एक एक सीट जीती। कर्नाटक में भी दोनों सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा।

यह भी पढ़ें

बिहार में फिर एनडीए सरकार, नीतीश कुमार सातवीं बार लेंगे शपथ

बिहार चुनाव: रुझानों में पहली बार एनडीए को बहुमत, हसनपुर से तेजप्रताप पीछे

मप्र उपचुनाव: शुरुआती रुझान में बीजेपी को 17 कांग्रेस को 10 सीटों पर बढ़त

पीएम मोदी के करिश्माई व्यक्तित्व का असर, एनडीए स्पष्ट बहुमत की ओर

यहां आरआर नगर सीट से एन मुनिरत्न ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है और तुमाकुरू सीट से डॉ सीएम राजेश गौड़ा ने जीत दर्ज की।

इसके अलावा तेलंगाना में पार्टी ने इकलौती सीट पर जीत दर्ज की है। हरियाणा की बड़ौदा सीट पर कांग्रेस के इंदु राज नरवल ने कब्जा बरकरार रखते हुए भाजपा के योगेश्वर दत्त को दूसरी बार हराया।

कांग्रेस छत्तीसगढ़ में मरवाही सीट हासिल करने में कामयाब रही है। जबकि ओडिशा की दोनों सीटें सत्तारूढ़ बीजद के पक्ष में गई हैं।

झारखंड में झामूमो, कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती 

झारखंड में दो सीटों पर हुए उपचुनावों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस ने एक एक सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *