
मुंबई। बिग बॉस के पूर्व प्रतिभागी व दिग्गज भाजपा नेता स्व. प्रमोद महाजन के पुत्र राहुल महाजन का कहना है कि उनकी रूसी पत्नी नताल्या इलीना ने हिंदू धर्म अपना लिया है।
राहुल महाजन ने कहा कि नताल्या ने शादी के बाद ही हिंदू धर्म अपना लिया था। उन्होंने कहा ‘वह रूसी है और अब हिंदू धर्म अपना लिया है। मैं उन्हें हमेशा शिव और पार्वती के बारे में बताता हूं।
मैं उन्हें हमेशा बताता हूं कि पति और पत्नी के बीच में शिव और पार्वती जैसे संबंध होने चाहिए। हम अपने रिलेशनशिप में उन्हें आदर्श मानते हैं।
मैं उन्हें भगवद्गीता पढ़ाता हूं और हम लोग पौराणिक साहित्य साथ बैठकर पढ़ते हैं। मैं मानता हूं कि आपको एक अच्छा साथी और परिवार भाग्य से मिलता है।’
बता दें कि राहुल महाजन ने इससे पहले डिंपी गांगुली से शादी की थी, जिनसे 5 साल के रिश्ते के बाद 2015 में उन्होंने तलाक ले लिया था।
उन्होंने पहली शादी श्वेता सिंह की थी, लेकिन यह संबंध दो साल तक ही रहा और 2008 में उन्होंने तलाक ले लिया था। दोनों ही पूर्व पत्नियों ने उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।
राहुल महाजन और नताल्या इलीना ने 2018 में शादी की थी। उस वक्त राहुल महाजन 43 वर्ष के थे, जबकि नताल्या की उम्र 25 वर्ष थी।
लंबे समय तक दोनों ने अपनी शादी को सीक्रेट ही रखा था। अपनी पिछली दो शादियों के टूटने को लेकर राहुल महाजन ने कहा था, ‘मेरी पिछली दो शादियां जल्दबाजी में हुई थीं। तब सोचने के लिए वक्त नहीं था।
हालांकि श्वेता और डिम्पी दोनों ही शानदार व्यक्तित्व की धनी थीं, पर हम सहज नहीं थे। मैंने नताल्या के रूप में सच्चा साथी पाया था। हमारे बीच लंबे तर्कों और मतभेद के लिए जगह ही नहीं है।’
राहुल महाजन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने नशा त्याग दिया है और सिगरेट और शराब से दूरी बना ली है। अब वह सद्गुरु और ओशो जैसे गुरुओं को सुनते हैं और आध्यात्मिक इंसान हो गए हैं।
राहुल महाजन ने कहा था कि वह अब इसकी शरण में आए हैं और हर इंसान का रुझान अंत में अध्यात्म की ओर ही होता है।