कोरोना: दैनिक मामलों में मामूली गिरावट, पिछले 24 घंटे में 23068 नए मरीज

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में लगातार उतार और चढ़ाव का सिलसिला जारी है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को दैनिक मामलों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।

गुरुवार को जहां 24,712 लोग इस वायरस की चपेट में आए थे। वहीं शुक्रवार को 23,068 मरीज कोविड-19 से संक्रमित मिले हैं।

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 23,068 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं।

इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,01,46,846 हो गई है। इस दौरान 336 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है, जिसके बाद कोरोना मृतकों की संख्या बढ़कर 1,47,092 हो गई है।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना से संक्रमणमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 97 लाख से अधिक हो गई है।

पिछले 24 घंटे में 24,661 मरीजों ने वायरस को मात दी है और इलाज के बाद अस्पताल से घर लौटे हैं। वर्तमान में कोरोना से संक्रमणमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 97,17,834 है।

आंकड़ों के अनुसार, देश में सक्रिय मामलों की संख्या तीन लाख से कम बनी हुई है, इसमें लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 2,81,919हो गई है।

कोरोना के सक्रिय मामलों और संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या के बीच अंतर काफी अधिक है। जिससे पता चलता है कि देश में वायरस के खिलाफ लड़ाई सही दिशा में चल रही है। 

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *