
अभिनेत्री कंगना रनौत लंबे समय के बाद मुंबई वापस लौट आई हैं। मनाली में काफी वक्त गुजारने के बाद कंगना रनौत पूरी सुरक्षा के साथ मुंबई लौटी हैं। उनके साथ बहन रंगोली और भतीजे पृथ्वीराज भी आए हैं।
अभिनेत्री कंगना रनौत लॉन्ग स्कर्ट और ग्रे एंड वाइट टॉप पहने हुए थीं। मास्क लगाए हुए कंगना रनौत कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करती नजर आईं। कुछ अन्य तस्वीरों में उनकी बहन रंगोली और भतीजे पृथ्वीराज को देखा गया है।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से कंगना रनौत अपने बयानों के चलते चर्चा में हैं। कंगना रनौत को केंद्र सरकार ने ‘वाई प्लस’ सिक्योरिटी दी है।
बीएमसी ने कंगना रनौत के दफ्तर के एक हिस्से को अवैध निर्माण बताते हुए तोड़फोड़ की कार्रवाई की थी। इस पर कंगना रनौत ने आपत्ति जताई थी और हाई कोर्ट तक का रुख किया था।
बता दें कि कंगना रनौत इन दिनों किसान आंदोलन को लेकर अपनी टिप्पणियों के चलते भी चर्चा में रही हैं।
पंजाब की एक बुजुर्ग महिला को उन्होंने शाहिन बाग की दादी करार देते हुए पोस्ट किया था। इस पर विवाद छिड़ गया था और पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ ने उन्हें सोच-समझकर बोलने की हिदायत दी थी।
उर्मिला मातोंडकर और स्वरा भास्कर जैसी एक्ट्रेसेज ने भी उनकी निंदा की थी। कंगना रनौत ने यह भी कहा था कि किसान आंदोलन की आड़ में कुछ लोग अशांति पैदा कर अपने हित साधने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले कंगना रनौत ने मुंबई की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से करते हुए कहा था कि वह शहर में असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
इस पर शिवसेना नेता संजय राउत और अन्य कई हस्तियों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। संजय राउत ने तो उन्हें मुंबई वापस लौटकर दिखाने तक की धमकी दे दी थी।