
नई दिल्ली। एक अमेरिकी फर्म के सर्वे में पता चला है कि लोकप्रियता के मामले में विश्व के अन्य नेताओं की तुलना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे आगे हैं। अमेरिकी फर्म मॉर्निंग कंसल्ट के सर्वे में 70 फीसद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीकार किया।
सर्वे के परिणामों की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह भारतीयों के लिए गर्व की बात है।
‘मॉर्निंग कंसल्ट’ ने 13 देशों पर किया सर्वे
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा,’ अमेरिकी फर्म मॉर्निंग कंसल्ट द्वारा अमेरिका जापान और ब्राजील समेत 13 देशों में किए गए सर्वे में दुनिया के नेताओं में मोदी जी को अहम स्थान दिया जाना गर्व की बात है।’ इसमें प्रधानमंत्री जी की अप्रूवल रेटिंग सबसे ज्यादा 55 फीसद आई है।’
योगी आदित्यनाथ ने कहा- दिल से अभिनंदन
उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस सर्वे के परिणाम की सराहना की और कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी जी ‘मॉर्निंग कंसल्ट’ के सर्वे में वैश्विक स्तर पर दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता के रूप में उभर कर सामने आए हैं। अप्रूवल रेटिंग में प्रधानमंत्री को दुनिया में सर्वोच्च स्थान प्राप्त होने पर मैं प्रधानमंत्री का दिल से अभिनंदन करता हूं।’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सर्वे की सराहना करते हुए ट्वीट किया , ‘हमारे प्रधानमंत्री एक बार फिर दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता चुने गए हैं। यह चुनाव विभिन्न मुद्दों व कोविड-19 संकट के प्रबंधन के मद्देनजर किया गया।
जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है लोगों का सरकार पर भरोसा बढ़ रहा है। सर्वे का यह परिणाम सभी भारतीयों के लिए गर्व का विषय है। इस चुनौतीपूर्ण वक्त में सभी वैश्विक नेताओं में प्रधानमंत्री मोदी नंबर वन चुने गए हैं।’