
रायबरेली (उप्र)। उप्र के रायबरेली जनपद के दौरे पर आए आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के विधायक सोमनाथ भारती पर सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में स्याही फेंक दी गई।
इस दौरान आप विधायक की पुलिस के अधिकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
दरअसल, अमेठी-रायबरेली के दौरे पर आए आप विधायक सोमनाथ भारती ने शनिवार को जगदीशपुर में पार्टी कार्यकर्ता मीटिंग में भड़काऊ बयान दिया था। कहा था कि भाजपा सरकार में गुंडों का राज है। सोमनाथ ने यह भी कहा था कि यूपी के अस्पतालों में कुत्ते के बच्चे पैदा होते हैं।
आम आदमी पार्टी के विधायक और नेता सोमनाथ भारती रविवार को रायबरेली पहुंचे थे। वह सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में रुके। आज रायबरेली में पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात समेत उनके कई कार्यक्रम थे।
सोमनाथ का आरोप है कि सुबह भाजपा कार्यकर्ता गेस्ट हाउस पहुंच गए और जैसे ही आप विधायक निकले उन पर स्याही फेंक दी। हिंदू युवा वाहिनी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गेस्ट हाउस में हंगामा भी खूब किया। पुलिस ने किसी तरह भाजपा कार्यकर्ताओं को शांत कर स्थितियों को संभाला।
इसके बाद आप सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि यूपी में सरकार की तानाशाही चरम पर है। सांसद संजय ने कहा कि ‘ आप ने जब स्कूल, अस्पताल की बदहाली का सवाल उठाया तो AAP नेताओं को आतंकित किया गया है। पूर्व मंत्री व विधायक सोमनाथ भारती पर रायबरेली में भाजपाईयों ने हमला कर दिया और सोमनाथ को ही पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है।
वहीं भाजपा प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने आप नेताओं के आरोप पर पलट वार करते हुए वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो में सोमनाथ पुलिस को धमकाते हुए दिख रहे हैं। सोमनाथ कह रहे हैं कि वर्दी उतरवा लूंगा। पुलिस को चेतवानी दे रहे हैं पहचान लिया। आप रास्ता रोकेंगे हट जाइए।