
लखनऊ/नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय समारोह में 26 जनवरी को दिल्ली के जनपथ पर में हुई परेड में उप्र के सूचना एवं जनसंपर्क और संस्कृति विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिला है। विभाग ने परेड में अयोध्या में बन रहे भव्य श्रीराम मंदिर की झांकी प्रदर्शित की थी।
यह पहला अवसर है जब गणतंत्र दिवस की राष्ट्रीय परेड में उप्र की झांकी को पहला पुरस्कार मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की झांकी को पहला पुरस्कार मिलने पर खुशी जताई है।
उन्होंने, जहां अयोध्या सियाराम की देती समता का संदेश.., कला और संस्कृति की धरती धन्य-धन्य उत्तर प्रदेश… पंक्तियां लिखकर झांकी की तस्वीर ट्विटर पर शेयर की।
मुख्यमंत्री ने झांकी को पूरे प्रदेश में दिखाने के निर्देश दिए हैं, जहां-जहां से झांकी गुजरेगी, लोग दर्शन कर पुष्पवर्षा करेंगे।
संस्कृति विभाग के निदेशक शिशिर ने बताया कि झांकी में अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के साथ अयोध्या की संस्कृति, पंरपरा, कला और विभिन्न देशों से अयोध्या और भगवान राम के संबंधों का चित्रण किया गया।

भगवान राम द्वारा निषादराज को गले लगाने और शबरी के झूठे बेर खाने, अहल्या का उद्धार, हनुमानजी द्वारा संजीवनी बूटी लाने, जटायु और राम संवाद, लंका की अशोक वाटिका सहित रामायण से जुड़े अन्य दृष्यों का जीवंत चित्रण किया गया। उन्होंने बताया कि विविड कंपनी की देखरेख में मथुरा के कलाकारों ने झांकी तैयार की।
बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री किरन रिजूजू ने सूचना एवं जन संपर्क विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल और विभाग के निदेशक शिशिर को यूपी की झांकी के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया। सहगल और शिशिर ने देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुरस्कार सौंपा।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि गत वर्ष यूपी की झांकी को द्वितीय स्थान मिला था। योगी सरकार के कार्यकाल में उप्र को विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में मिला 47वां पहला पुरस्कार मिला है।
झांकी के लिए गीतकार वीरेंद्र सिंह ने …जहां अयोध्या सियाराम की देती समता का संदेश, कला और संस्कृति की धरती धन्य धन्य उत्तर प्रदेश। गीत तैयार किया। निर्णायक मंडल ने गीत को ही सबसे अधिक अंक दिए।
संस्कृति विभाग के निदेशक शिशिर ने वीरेंद्र सिंह का आभार जताया है। संस्कृति विभाग के निदेशक शिशिर ने कहा कि उप निदेशक वाईपी सिंह सहित पूरी टीम की मेहनत और सहयोग से झांकी को पहला पुरस्कार मिला है।
इसके पहले उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक शिशिर ने ट्वीट कर अफसरों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि इस वर्ष के गणतंत्र दिवस में उत्तर प्रदेश की भव्य झांकी को प्रथम स्थान पाने का गौरव प्राप्त, सारी टीम को दिल से बधाई। गीतकार विरेंद्र सिंह को विशेष आभार कल दिल्ली में मा. रक्षा मंत्री जी पुरस्कार प्रदान करेगें।