उप्र: पढ़ने गईं दो बहनों का अपहरण, एक की हत्या; दूसरी मरणासन्न

प्रतीकात्मक तस्वीर

शाहजहांपुर (उप्र)। उप्र के शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र में दो बच्चियों का अपहरण कर एक की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी मरणासन्न हालत में मिली है जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त समाचार के मुताबिक कांट थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की पांच साल की बेटी गांव के एक मदरसे में पढ़ती थी। सोमवार को दोपहर में वह अपनी चचेरी बहन के साथ मदरसे के लिए निकली थी। शाम को जब दोनों घर वापस नहीं आईं तो घरवालों ने तलाश शुरू की। 

सूचना मिलने की बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर एक खेत में पांच साल की एक मासूम का शव मिला।

उसके चेहरे पर धारदार हथियार के निशान हैं। काफी देर तलाशने के बाद रात करीब सवा 11 बजे चचेरी बहन भी मरणासन्न अवस्था में मिली, जिसे आनन-फानन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। 

एसपी एस. आनंद ने बताया कि अभी घरवाले किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि बच्ची की मौत कैसे हुई। जो बच्ची जिंदा मिली है, उसको तत्काल इलाज मुहैया कराना प्राथमिकता है।

मरा समझ कर छोड़ गए दोनों को 

पांच साल की मासूम और उसकी चचेरी बहन को किसी वजनदार वस्तु से मारा गया है। मरा हुआ समझकर हमलावर उन्हें छोड़ कर गए। मृत बच्ची के मुंह से काफी खून निकल रहा था जिसको देखकर लग रहा है कि बहुत बेदर्दी से किसी चीज से कुचला गया है। 

गंभीर हालत में मिली दूसरी बहन के सिर पर चोट लग रही है। घरवाले किसी रंजिश से इनकार कर रहे हैं। ऐसे में बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के प्रयास से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण पुष्ट होने की बात कह रहे हैं।

कांट पुलिस ने रात में ही इलाके के अपराधियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। वहीं देर रात साढ़े बारह बजे एडीजी और आईजी वारदात स्थल पर निरीक्षण के लिए पहुंचे।  

एसपी सिटी संजय कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट या दूसरी बच्ची के होश में आने के बाद वारदात की वजह समझ में आएगी। फिलहाल बच्ची के इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *