किरण खेर को ब्लड कैंसर, लोगों ने मांगी सलामती की दुआ

किरण, अनुपम और सिकंदर खेर

नई दिल्ली। चंडीगढ़ की भाजपा सांसद किरण खेर के ब्लड कैंसर से पीड़ित होने का पता चलने के बाद हर कोई उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही थीं।

इस पर गुरुवार को सांसद के पति और अभिनेता अनुपम खेर और बेटे सिकंदर खेर ने ट्वीट कर एक स्पष्टीकरण जारी किया है और सांसद की तबीयत की वास्तविक स्थिति की जानकारी दी।

अनुपम ने कहा कि किरण खेर जल्द इस बीमारी से जीतकर लौटेंगी। डॉक्टरों की टीम उसकी बेहतर देखभाल कर रही है। पिछले साल 11 नवंबर को किरण खेर के बाएं हाथ में फ्रैक्चर आ गया था, जिसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ में इलाज कराया।

जांच हुई तो पता चला कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा है। इसके बाद वह इलाज के लिए चार दिसंबर को मुंबई चली गईं।

वहां उन्हें हफ्ते में एक रात अस्पताल में बितानी पड़ती है। इसके अलावा निरंतर जांच के लिए भी अस्पताल जाना पड़ता है।

अनुपम खेर ने कहा है कि किरण खेर मल्टीपल मायलोमा, जो एक तरह का ब्लड कैंसर है, से जूझ रही हैं। फिलहाल वह मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अपना इलाज करवा रही हैं।

उन्होंने कहा कि किरण की स्थिति बेहतर है और लोगों द्वारा दिए जा रहे प्यार और साथ के लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं। 

अनुपम खेर ने कहा कि किरण एक फाइटर है और एक बार फिर अपने लोगों के लिए लौटेंगी। उनके लिए पूरे देश भर से आ रही कामनाओं से साबित होता है कि लोग उन्हें कितना पसंद करते हैं। 

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा, डॉ. कुमार विश्वास, मालिनी अवस्थी, नीति आयोग के वाइस चेयरमैन राजीव कुमार ने खेर की जल्द सलामती की दुआ की है। 

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *