
मुंबई। बॉलीवुड के शोमैन राजकपूर के सबसे छोटे बेटे व अभिनेता ऋषि कपूर और रणधीर कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर का निधन हो गया है। 58 वर्षीय राजीव की मौत हार्ट अटैक के चलते हुई।
मंगलवार को उन्हें अचानक हार्टअटैक हुआ, बड़े भाई रणधीर कपूर उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रणधीर कपूर ने भाई की मौत की पुष्टि करते हुए कहा, ‘मैंने अपने छोटे भाई को खो दिया है। राजीव का निधन हो गया है। डॉक्टरों ने अपनी ओर से हर संभव कोशिश की है, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं सके।’
रणधीर कपूर ने बताया कि फिलहाल मैं अस्पताल में हूं और उनके शव का इंतजार कर रहा हूं। राजीव कपूर को ‘राम तेरी गंगा मैली’ फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है। इसके अलावा वह ‘एक जान हैं हम’ फिल्म में भी नजर आए थे।
इसके अलावा उन्होंने 1984 में फिल्म आसमान, लवर बॉय, जबरदस्त और हम तो चले परदेस में भी एक्टिंग की थी। आखिरी बार वह 1990 में फिल्म जिम्मेदार में नजर आए थे।
इसके बाद उन्होंने प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के तौर पर काम करना शुरू कर दिया था। 1999 में उन्होंने ‘आ अब लौट चलें’ फिल्म का निर्देशन किया था। उन्होंने ‘प्रेम ग्रंथ’ मूवी का भी डायरेक्शन किया था। 2001 में उन्होंने आर्किटेक्ट आरती सभरवाल से शादी की थी।
ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर ने उन्हें इंस्टाग्राम पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। इंस्टाग्राम पर राजीव कपूर की तस्वीर शेयर करते हुए नीतू ने कैप्शन में लिखा है, ‘RIP’।
बीते साल ही ऋषि कपूर का कोरोना लॉकडाउन के दौर में निधन हो गया था और अब राजीव कपूर की मौत के तौर पर परिवार को दूसरा बड़ा सदमा लगा है।