बिहार चुनाव: भाजपा के घोषणापत्र में ‘आत्मनिर्भर बिहार’ पर फोकस

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जारी किया घोषणापत्र  

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज अपना घोषणापत्र (Manifesto) जारी कर दिया।

घोषणापत्र में अगले पांच साल (2020-2025) में ‘आत्मनिर्भर बिहार’ को लेकर रोडमैप दिया गया है।

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पटना में भाजपा के 5 सूत्र, एक लक्ष्य, 11 संकल्प के विजन डाक्‍यूमेंट को जारी किया।

इस मौके पर बीजेपी घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष और कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, बिहार बीजेपी प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल मौजूद रहे।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बिहार के लोग राजनीति और कही बातों को अच्छी तरह समझते हैं। देश में एकमात्र राजनीतिक दल है जो करती है वही करती है।

उन्होंने कहा बिहार की जनता को नरेंद्र मोदी की सरकार पर पूरा विश्वास है।

कोरोना महामारी और लॉकडाउन के बाद प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए मुफ्त अनाज देने की घोषणा की थी। पूरे देश के साथ बिहार में भी छठ पर्व तक मुफ्त में गरीबों के घर तक अनाज पहुंचाया जा रहा है।

लालू-राबड़ी शासनकाल की चर्चा करते हुए कहा कि जहां बिहार का पूरा बजट साल 1990 से 2005 तक महज 23 हजार करोड़ का था, वहीं 2005-2020 में एनडीए की सरकार में बिहार का बजट 2 लाख 30 हजार करोड का हो गया है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि बिहार का प्रति व्यक्ति आय भी पहले के 15 साल की तुलना में एनडीए के 15 साल में काफी बढ़ा है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि अगले पांच साल में हमारी योजना से 19 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।

इसके अलावा बिहार की एक करोड़ और महिलाओं को स्वावलंबी बनाएंगे। आईटी के क्षेत्र में 5 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।

बिहार में अब तक पीएम आवास योजना के तहत अब तक 28 लाख आवास बने हैं। अगले पांच साल में 30 लाख और आवास बिहार में बनने का लक्ष्य है।

इस मौके पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद रॉय, केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे, बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, राधामोहन सिंह समेत कई नेता भी मौजूद रहे। इससे पहले बुधवार को कांग्रेस और एलजेपी भी घोषणापत्र जारी किया था।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *