नंदीग्राम का चुनावी रण: सुवेंदु अधिकारी ने भरा पर्चा, ममता बनर्जी पर साधा निशाना

Suvendu adhikari nomination

नंदीग्राम (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल चुनाव की हॉट सीट बनी नंदीग्राम से आज भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। अब उनका सीधा मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से होगा। दो दिन पहले ममता बनर्जी ने यहां से पर्चा भरा था।

नामांकन भरने से पहले सुवेंदु अधिकारी ने सिंहवासिनी और जानकीनाथ मंदिर में पूजा की। इसके बाद हल्दिया में एक रैली को भी संबोधित किया, इस रैली में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और स्मृति ईरानी ने भी जनसभाएं कीं।

मैं नंदीग्राम का मतदाता हूं

मंदिर में पूजा करने के बाद नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मेरा इन लोगों के साथ रिश्ता बहुत पुराना है।

उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इन लोगों की याद तभी आती है, जब चुनाव आते हैं। ये लोग ममता को हरा देंगे। मैं भी आज नामांकन दाखिल कर रहा हूं, मैं नंदीग्राम का मतदाता हूं। 

नामांकन से पहले हल्दिया में रैली को संबोधित करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि टीएमसी अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है और अब वो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन चुकी है। अधिकारी ने कहा कि झंडा नया है लेकिन मैदान पुराना है। मुझे लोगों का आशीर्वाद मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा मुझे उम्मीद है कि लोग भाजपा का समर्थन करेंगे और बंगाल में विकास के लिए हमारी पार्टी को चुनेंगे। 2019 में भाजपा ने 18 लोकसभा सीटें जीती थीं और इस बार बड़े मार्जिन के साथ भाजपा सरकार बनाएगी। 

स्मृति ईरानी ने दिया नारा- बोल रहा है नंदीग्राम, जय श्री राम

हल्दिया की रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मैंने दीदी से पूछा कि किस बेटी को वोट देना है? जिन्होंने 80 साल की वृद्ध महिला की पिटाई की, जिन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या की,

जिन्होंने सरस्वती पूजा और दुर्गा विसर्जन की अनुमति नहीं दी या फिर उसे जो नंदीग्राम आकर चंडीपाठ करती हैं और कहती हैं कि खेला होबे। स्मृति ईरानी ने कहा कि बोल रहा है नंदीग्राम, जय श्री राम।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *