भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह का निधन, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने जताया शोक

भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह

खंडवा (मप्र)। मध्य प्रदेश के खंडवा से भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह चौहान (68) का सोमवार रात निधन हो गया। वे कोविड-19 संक्रमित थे। उनका इलाज दिल्ली के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा सांसद के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है।

खंडवा के सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान पिछले करीब एक माह से दिल्ली में भर्ती थे। 11 जनवरी को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से भोपाल के अस्पताल में इलाज करवा रहे थे लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।

प्रधानमंत्री ने  ट्वीट कर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘खंडवा से लोकसभा सांसद के निधन से दुखी हूं संसद की कार्यवाही व  राज्य में पार्टी के सशक्तिकरण को लेकर किए गए प्रयासों  में उनके योगदान को याद किया जाएगा। उनके परिजनों के प्रति संवेदना। ओम शांति।’

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट कर कहा, ‘नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।

प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदू भैया ने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया। नंदू भैया की पार्थिव देह आज उनके गृह ग्राम पहुंचेगी। कल हम सब उन्हें विदाई देंगे। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।’

लोकप्रिय जननेता नंदू भैया, हम सबको छोड़कर चले गये। हमारे सब प्रयास विफल हुए। नंदू भैया के रूप में बीजेपी ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया। मैं व्यथित हूं। नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *