
लखनऊ। उप्र विधान परिषद चुनाव 2020 में शिक्षक राजनीति के दिग्गज ओम प्रकाश शर्मा को तगड़ा झटका लगा है।
मेरठ से आठ बार विधान परिषद सदस्य रहे ओम प्रकाश शर्मा खुद तो चुनाव हारे ही, उनके गुट (शर्मा गुट) को भी अपेक्षित सफलता नही मिली है।
भाजपा ने शिक्षक सीट पर शर्मा गुट का किला ढहा दिया। गुरुवार से शुरु हुई विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक कोटे की 11 सीटों पर मतगणना शुक्रवार को भी जारी है। इस चुनाव में भाजपा का दबदबा साफ दिखाई पड़ा।
शिक्षक सीट पर मेरठ से भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने जीत दर्ज की है। बरेली-मुरादाबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो विजयी रहे और लखनऊ में भी भाजपा के उमेश द्विवेदी को निर्णायक जीत मिली है। स्नातक सीट पर मतगणना जारी है।
मेरठ में बना इतिहास
मेरठ मे शिक्षक सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा को चुनाव अधिकारी ने जीत का प्रमाण पत्र दे दिया है। श्री चंद ने आठ बार के विजेता रहे दिग्गज ओमप्रकाश शर्मा को पराजित किया है।
मेरठ खंड शिक्षक सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा ने सभी वरीयता के मतों की गणना के बाद सर्वाधिक 8222 मत प्राप्त किए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी आठ बार के विधान परिषद सदस्य ओमप्रकाश शर्मा को महज 3682 वोट मिले।
भाजपा के खाते में बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा के हरि सिंह ढिल्लो ने 7963 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 12827 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे सपा प्रत्याशी संजय मिश्रा 4864 वोट ही पा सके। कांग्रेस के प्रत्याशी मेहंदी हसन को महज 276 वोट मिले।
शिक्षक लखनऊ खंड निर्वाचन से भाजपा के उमेश कुमार द्विवेदी विजयी
लखनऊ में शिक्षक सीट पर भाजपा के उमेश कुमार द्विवेदी को कुल 7065 मत मिले। इन्होंने डॉ महेंद्रनाथ राय को 3247 वोट से हराया। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए तड़के तक चली मतगणना में भाजपा प्रत्याशी उमेश कुमार द्विवेदी ने जीत दर्ज की।
आगरा में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल जीते
आगरा में शिक्षक सीट एमएलसी चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। डॉ. आकाश अग्रवाल ने भाजपा के भाजपा प्रत्याशी डॉ. दिनेश कुमार वशिष्ठ को 2376 वोटों से शिकस्त दी।
वहीं स्नातक सीट पर निर्दलयी प्रत्याशी डॉ हरि किशोर तिवारी आगे निकल गए हैं। स्नातक सीट पर रोचक मुकाबले के तीसरे चरण में निर्दलीय हरि किशोर को 11855 वोट मिले हैं, जबकि दूसरे नंबर पर सपा प्रत्याशी डॉ असीम यादव हैं।
तीसरे नंबर पर भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह हैं। तीसरे चरण में कुल 41994 वोट गिने जा चुके हैं। स्नातक सीट पर चौथे चरण की मतगणना शुरू हो चुकी है। इसमें करीब दो घंटे का समय लगेगा।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड में ध्रुव त्रिपाठी की हैट्रिक
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा समर्थित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के ध्रुव त्रिपाठी ने लगातार तीसरा चुनाव जीता है। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजय सिंह को 1935 मतों से शिकस्त दी। निर्दल राजीव यादव को तीसरा स्थान मिला।
यहां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश यादव चौथे स्थान पर रहे। ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने जीत की हैट्रिक लगाई है। मंडलायुक्त/ रिटर्निंग अधिकारी जयंत नार्लीकर ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव विजयी
एमएलसी वाराणसी खंड शिक्षक कोटे की सीट पर समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव विजयी रहे।
उन्होंने प्रतिद्वंद्वी शिक्षक नेता ओम प्रकाश शर्मा गुट के डा. प्रमोद कुमार मिश्र को 418 वोट से शिकस्त दी। लाल बिहारी को 7248 वोट तो वहीं मिश्र को 6830 वोट मिले।
शिक्षक सीट पर पिछले 10 साल से काबिज निवर्तमान विधायक चेतनारायण सिंह मतगणना के प्रारंभ से अंत तक तीसरे स्थान पर ही बने रहे।
वहीं स्नातक सीट पर भी सपा बढ़त बनाए हुए है। सपा के आशुतोष सिन्हा 11510 वोट पाकर भाजपा के केदार सिंह से 2140 वोट से आगे हैं। केदार सिंह को 9370 वोट मिले हैं।
खंड स्नातक की दो सीट पर भाजपा आगे
खंड स्नातक की पांच सीटों पर गिनती जारी है। इलाहाबाद-झांसी और आगरा की ही मतगणना शुरू हो सकी थी। तीन चरण की मतगणना के बाद चार बार के विधायक व भाजपा प्रत्याशी यज्ञदत्त शर्मा 652 मतों से आगे थे।
आगरा की मतगणना देर रात शुरू हो गई, जिसमें भाजपा के मानवेंद्र सिंह आगे थे। लखनऊ, मेरठ, व वाराणसी खंड स्नातक की मतगणना अभी शुरू नहीं हो सकी थी। मेरठ में रात बंडल बनाने का काम जारी है।