चुनावी दौरा: प्रियंका गांधी ने की महिला चाय बागान मजदूरों से मुलाकात, दिखा अलग अंदाज़

चाय बागान मजदूरों के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा

गुवाहाटी। पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस महासचिव व उप्र की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा आजकल असम के चुनावी दौरे पर हैं। आज उनके असम दौरे का दूसरा दिन है।

प्रियंका ने राज्य में चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाला हुआ है। इस दौरान वे लोगों से मुलाकात कर रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को वे तेजपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगी। जनसभा से पहले प्रियंका ने महिला चाय बागान मजदूरों से मुलाकात की। यहां उनका अलग अंदाज दिखा।

कांग्रेस नेता ने पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बिश्वनाथ में सद्गुरू के चाय बागान में चाय की पत्तियों को तोड़ा। वे यहां सिर पर टोकरी लेकर मजदूरों की तरह चाय की पत्तियां तोड़ती हुईं नजर आईं।

बता दें कि असम में चाय बागान के मजदूरों का मुद्दा बड़ा रहता है। ऐसे में प्रियंका गांधी उन्हें पार्टी के पक्ष में करने की कोशिश कर रही हैं।

मजदूरों के साथ मुलाकात के बाद प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘ चाय बागान के श्रमिकों का जीवन सच्चाई एवं सादगी से भरा हुआ है एवं उनका श्रम देश के लिए बहुमूल्य है। आज उनके संग बैठकर उनके कामकाज, घर परिवार का हालचाल जाना और उनके जीवन की कठिनाइयों को महसूस किया। उनसे मिला प्रेम और ये आत्मीयता नहीं भूलूँगी।’

ये है प्रियंका गांधी का आज का कार्यक्रम

चाय बागान की महिला मजदूरों से वार्ता

तेजपुर के महाभैरव मंदिर का दौरा

तेजपुर में चुनावी जनसभा

इससे पहले सोमवार को प्रियंका गांधी ने अपने असम दौरे की शुरुआत कामाख्या देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की थी। राज्य में कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने आदिवासियों से बात की और उनके साथ आदिवासी नृत्य भी किया।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *