कोरोना: दैनिक मामलों में आई भारी गिरावट, 24 घंटे में 29398 नए मरीज

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में गिरावट जारी है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को दैनिक मामलों में काफी कमी दर्ज की गई।

गुरुवार को जहां 31,522 नए मामले सामने आए थे। वहीं शुक्रवार को 29,398 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। हालांकि मृतकों की संख्या में कल के मुकाबले आज हल्की बढ़ोतरी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 29,398 लोग कोविड-19 से संक्रमित हुए हैं।

इस तरह देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 97,96,770 हो गई है। वहीं कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या चार लाख से नीचे बनी हुई है। 

वायरस के चलते पिछले 24 घंटे में 414 मरीजों ने जान गंवाई है, जिसके बाद भारत में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 1,42,186 हो गई है। देश में संक्रमणमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 92 लाख से अधिक है।

पिछले 24 घंटे में 37,528 मरीजों ने वायरस को मात दी है और इलाज के बाद अस्पताल से घर लौटे हैं।

इस तरह संक्रमणमुक्त मरीजों की कुल संख्या 92,90,834 हो गई है। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 3,63,749 है। 

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *