अमेरिकाः अटलांटा के 3 मसाज पार्लरों में फायरिंग, 4 एशियाई महिलाओं समेत 8 की मौत

georgia massage parlour shootings

वाशिंगटन। अमेरिका में तीन मसाज पार्लर में गोलीबारी से आठ लोगों की मौत हो गई जिनमें चार एशियाई महिलाएं शामिल हैं। इनमें से दो मसाज पार्लर अटलांटा शहर में और एक मसाज पार्लर अटलांटा के एक उपनगर में स्थित है।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद दक्षिणपश्चिम जॉर्जिया में 21 वर्षीय एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। अटलांटा पुलिस प्रमुख रोडनी ब्रायंट ने बताया कि उत्तरपूर्वी अटलांटा में एक स्पा में तीन महिलाएं मारी गईं जबकि एक अन्य स्पा में एक और महिला मारी गई। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ये चारों महिलाएं एशियाई थीं।

अटलांटा पुलिस के अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार शाम पांच बजकर 50 मिनट पर एक स्पा में गोलीबारी की सूचना मिली, जहां तीन महिलाएं मृत पाई गईं और उनके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। अधिकारी घटनास्थल पर ही थे कि उन्हें एक और स्पा में गोलीबारी की सूचना मिली, जहां एक महिला मृत पाई गई।

इससे पहले, शाम करीब पांच बजे अटलांटा से करीब 50 किलोमीटर उत्तर में एकवर्थ शहर में ‘यंग्स एशियन मसाज पार्लर’ में पांच लोगों को गोली लगने की सूचना मिली।

चेरोकी काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता कैप्टन जे बेकर ने बताया कि दो लोगों की मौत हो गई और तीन घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनमें से भी दो की मौत हो गई।

बेकर ने बताया कि अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि ‘यंग्स एशियन मसाज पार्लर में हमले में हताहत हुए लोग महिला थे या पुरुष या वे किस नस्ल के थे।

गोलीबारी से कुछ मिनट पहले शाम करीब साढ़े चार बजे एकवर्थ गोलीबारी के एक संदिग्ध को निगरानी वीडियो में देखा गया। बेकर ने बताया कि वुडस्टॉक के रहने वाले रॉबर्ट आरोन लॉन्ग को हिरासत में लिया गया है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *