
नई दिल्ली। राज्यसभा में शुक्रवार को कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर कांग्रेस और विपक्ष को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि किसानों को नए कृषि कानूनों के खिलाफ बरगलाया जा रहा है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया जानती है कि पानी से खेती होती है। खून से खेती सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। भाजपा खून से खेती नहीं कर सकती। किसान संगठन और विपक्षी दल नए कृषि कानूनों में एक भी खामी बताने में विफल रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन के विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए कहा कि कानूनों के खिलाफ विरोध केवल एक राज्य तक सीमित है। किसानों को बहकाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गांव, गरीब और किसान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले कल में भी रहेगी। नए कानून का उद्देश्य किसानों का आय बढ़ाना है। सरकार कानूनों में संशोधन के लिए भी तैयार है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कृषि कानूनों में कोई खामी है।
एक राज्य के लोग गलतफहमी का शिकार
कृषि मंत्री ने कहा कि एक राज्य के लोग गलतफहमी का शिकार हैं। किसानों को इस बात के लिए बरगलाया गया है कि इन कानूनों के चलते आपकी जमीन छीन जाएगी।
तोमर ने आगे कहा कि विपक्ष यह आरोप लगाता रहा है कि हम कहते है सबकुछ मोदी सरकार ने किया है, पिछली सरकारों ने कुछ भी नहीं किया। इस तरह का आरोप लगाना उचित नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेंट्रल हॉल में अपने पहले भाषण और 15 अगस्त को भी कहा था कि पूर्व की सरकारों का योगदान देश के विकास में अपने-अपने समय पर रहा है।