कर्नाटक ग्राम पंचायत चुनाव: कांग्रेस और जेडीएस से काफी आगे है भाजपा

बेंगलुरु। कर्नाटक की 5,762 ग्राम पंचायतों की 72,616 सीटों पर दो चरणों में हुए मतदान की गिनती जारी है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार भाजपा 3,865 कांग्रेस 1,988 और जेडीएस 1,030 ग्राम पंचायतों में आगे चल रही है।

ग्राम पंचायतों के लिए 22 और 27 दिसंबर को हुए चुनाव में औसतन 81 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

पहले चरण में 117 तालुक की 3000 ग्राम पंचायतों में वोट डाले गए। दूसरे चरण में 109 तालुक की 2709 ग्राम पंचायतों के चुनाव कराए गए। दोनों चरणों में 2,22,814 उम्मीदवार मैदान में थे। 8,074 निर्विरोध चुने गए।

सत्तारूढ़ भाजपा ने अपने प्रतिद्वंद्वियों कांग्रेस और जेडी (एस) के मुकाबले कम से कम 80 प्रतिशत हासिल करने के उद्देश्य से ग्राम स्वराज अभियान को शुरू करके एक उत्साही अभियान चलाया था। देखना होगा कि इसका पार्टी को कितना फायदा हुआ है।

चुनाव के दौरान 80 हजार पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। इसके अलावा  आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता भी सहयोग कर रही थीं। विधानसभा के चुनाव में भी जिला पंचायत के चुनाव का असर पड़ता है।

मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने विश्वास जताया है कि 85-90 प्रतिशत भाजपा समर्थित उम्मीदवार ग्राम पंचायत चुनावों में चुने जाएंगे।

राज्य के बिदर जिले के अलावा अन्य सभी जिलों में बैलट पेपर के जरिए मतदान हुआ था। केवल बिदर में EVM का इस्तेमाल किया गया था। इस कारण नतीजे आने में थोड़ी देरी हो सकती है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *