
आजमगढ़ (उप्र)। आजमगढ़ जेल में बंद D-11 गैंग के माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह का तीन मंजिला मकान जिला प्रशासन ने गुरुवार को ध्वस्त कर दिया।
कुंटू सिंह लखनऊ में मऊ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख हिस्ट्रीशीटर अजीत सिंह की हत्या का मुख्य आरोपी है। ध्वस्तीकरण के दौरान पुलिस के शीर्ष अधिकारी मौके पर डटे रहे। इससे पहले प्रशासन ने माफिया कुंटू सिंह के करीब 10 करोड़ रुपए का कॉलेज, भूमि आदि जब्त कर चुकी है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह गुरुवार को पुलिस बल के साथ जीयनपुर कस्बा पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुंटू का मकान अवैध रूप से नगर पंचायत में बनाया गया था। जिसे आज ध्वस्त किया गया। शांति व्यवस्था खराब न हो, इसके लिए पुलिस बल को तैनात किया गया था।
कोरोना काल के दौरान ही पुलिस ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में शामिल कुख्यात ध्रुव कुमार सिंह कुंटू की लगभग एक करोड़ की संपत्ति को जब्त किया था। इसमें आजमगढ़ जिले के जीयनपुर नगर पंचायत स्थित यह मकान भी शामिल था।
नगर पंचायत की ओर से इस मकान को गिराने के लिए नोटिस चस्पा किया गया था। इस बीच मकान के तीन और हिस्सेदार निकल आए थे। उन्होंने इस पर आपत्ति जता दी थी। मामले में ऐसा पेंच फंसा कि ईओ ने मकान गिराने से हाथ खड़े कर दिए थे।
किरकिरी से नाराज डीएम ने ईओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन से संतुति की थी। इसे साथ ही एडीए (आजमगढ़ विकास प्राधिकरण) से नक्शे की जांच कराई थी।
मकान का निर्माण नक्शे के विपरीत पाया गया था। स्थिति स्पष्ट होने के बाद गुरुवार को प्रशानिक अमला जीयनपुर पहुंचा और मकान गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।