दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी, शीतलहर से कांपा समूचा उत्तर भारत

नई दिल्ली। पूरे उत्तर भारत में इस समय प्रचंड शीत लहर चल रही है। राजधानी दिल्ली में गुरुवार ‘ठंडा दिन’ यानी कोल्ड डे रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे (15.2 डिग्री) सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। ‘ठंडा दिन’ उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है।

मौसम विभाग ने आज दिल्ली में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके जरिए विभाग बहुत ख़राब मौसम हो तो जरूरी इंतजामों के साथ ही घरों से निकलने की सलाह देता है। दिल्ली में आज तापमान और भी गिर सकता है। शीतलहर भी चलने का अनुमान है।

पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी से गिरा तापमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई। अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है।

विभाग ने कहा, ‘दिल्ली जैसे छोटे इलाके के लिए शीतलहर की घोषणा तब भी की जा सकती है जब उक्त स्थितियां एक दिन के लिए भी बन जाएं।’

शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में केलांग, मनाली और कल्पा में पिछले 24 घंटों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही।

पंजाब और हरियाणा में शुरू हुआ शीतलहर का प्रकोप

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी राज्य हिमाचल में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की कमी आई है।

मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *