बिहार के लोगों ने पूरे विश्व को दिया है संदेश: पीएम मोदी

बिहार विधानसभा चुनाव में पीएम मोदी की जनसभा

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए अपनी पहली जनसभा में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अररिया के फारबिसगंज में जनता को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा आज बिहार के लोगों ने देश ही नहीं, पूरे विश्व को एक संदेश दिया है। कोरोना के इस संकट काल में जब दुनियाभर में हड़कंप मचा है, ऐसे में बिहार के लोग अपने घरों से निकल रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं।

लोकतंत्र की यह कितनी बड़ी ताकत है, लोकतंत्र के प्रति बिहार का कितना बड़ा समर्पण है। विश्व के लोगों को इस बात का मूल्यांकन करना ही होगा कि भारत के लोगों के जहन में लोकतंत्र कितना गहरा बैठा हुआ है कि ऐसे में भी लोग इसका उत्सव मना रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की पवित्र भूमि ने ठान लिया है कि इस नए दशक में बिहार को नई ऊंचाई पर पहुंचाएंगे। बिहार के लोगों ने जंगलराज को, डबल-डबल युवराजों को सिरे से नकार दिया है।

आज एनडीए के विरोध में जो लोग खड़े हैं, वो इतना कुछ खाने-पीने के बाद अब फिर से बिहार को लालच भरी नजरों से देख रहे हैं लेकिन जनता जानती है कि कौन बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कौन अपने परिवार के विकास के लिए।

पीएम मोदी ने कहा कि आज बिहार में परिवारवाद हार रहा है, जनतंत्र जीत रहा है। आज बिहार में अहंकार हार रहा है, परिश्रम फिर जीत रहा है।

आज बिहार में घोटाला हार रहा है, लोगों का हक़ फिर जीत रहा है। आज बिहार में गुंडागर्दी हार रही है, कानून का राज वापस लाने वाले फिर जीत रहे हैं।

यह भी पढ़ें

बिहार चुनाव: कांग्रेस के घोषणा पत्र में वादों की झड़ी, कर्ज व बिजली बिल करेगी माफ

बिहार चुनाव: पीएम मोदी का लालू पर हमला, बोले-पैसा हजम परियोजना खत्म

विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिहार वो दिन भूल नहीं सकता, जब चुनाव को इन लोगों ने मजाक बनाकर रख दिया था।

इन के लिए चुनाव का मतलब था- चारो तरफ हिंसा, हत्याएं, बूथ कैप्चरिंग। बिहार के गरीबों से इन लोगों ने वोट देने तक का अधिकार छीन रखा था।

तब मतदान नहीं होता था, ‘मत छीन लिया जाता था, वोट की लूट’ होती थी, गरीब के हक की लूट होती थी। बिहार में गरीब को सही मायनों में मतदान का अधिकार एनडीए ने दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि अगर बिहार में पहले जैसे ही हालात होते, तो सच मानिए गरीब मां का ये बेटा कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाता, आपका प्रधान सेवक नहीं बन पाता।

आज जब गरीब को अपना अधिकार मिला है, तो वो उसने देश की राजनीति की दिशा तय करने की कमान भी खुद संभाल ली है।

उन्होंने आगे कहा कि बीते दशक में जंगलराज के प्रभावों को कम किया गया, अब ये दशक बिहार की नई उड़ान का है, नई संभावनाओं का है।

बिहार को जब फिर इस बार डबल इंजन की ताकत मिलेगी तो यहां का विकास पहले से भी तेज गति से होगा।

पीएम मोदी ने कहा कुछ लोगों को ये परेशानी है कि मोदी चुनाव क्यों जीतता है। मोदी चुनाव इसलिए जीतता है क्योंकि माताओं-बहनों की चिंता दूर करने का काम मोदी करता है।

इसलिए माताएं मोदी को आशीर्वाद देती रहती हैं। इसलिए ये गरीब का बेटा, गरीबों की सेवा में अपना जीवन खपाता रहता है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *