न्यायपालिका पर भरोसे ने लोगों में जगाया आत्मविश्वास: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात उच्च न्यायालय की डायमंड जुबली के कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। इस मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने एक डाक टिकट भी जारी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस सत्यनिष्ठा से गुजरात उच्च न्यायालय ने काम किया उससे भारतीय न्याय व्यवस्था और लोकतंत्र दोनों को ही मजबूती मिली है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे संविधान में न्याय की जो धारणा रही है वो न्याय हर भारतीय का अधिकार है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया मिशन आज बहुत तेजी से हमारे जस्टिस सिस्टम को आधुनिक बना रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा ये सुनकर सभी का गौरव बढ़ता है कि हमारा सुप्रीम कोर्ट खुद भी आज दुनिया में वीडियो कांफ्रेंस के द्वारा सबसे ज्यादा सुनवाई करने वाला कोर्ट बन गया है।

उन्होंने कहा न्यायपालिका के प्रति भरोसे ने सामान्य नागरिक के मन में एक आत्मविश्वास जगाया है। सच्चाई के लिए खड़े होने की उसे ताकत दी है। आजादी से अब तक देश की यात्रा में हम न्यायपालिका के योगदान की चर्चा करते हैं, तो बार के योगदान के भी चर्चा करते हैं। प्रधानमंत्री ने गुजरात हाईकोर्ट की इस अविस्मरणीय यात्रा की स्मृति में आज एक डाक टिकट भी जारी किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा हमारे संविधान में कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका को दी गई जिम्मेदारी, हमारे संविधान के लिए प्राणवायु की तरह है। हमारी न्यायपालिका ने संविधान की प्राणवायु की सुरक्षा का दायित्व पूरी दृढ़ता से निभाया है।

गुजरात हाईकोर्ट ने सत्य और न्याय के लिए जिस कर्तव्य और निष्ठा से काम किया है, अपने संवैधानिक कर्तव्यों के लिए जो तत्परता दिखाई है उसने भारतीय न्याय व्यवस्था और भारत के लोकतंत्र दोनों को ही मजबूत किया है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *