किसानों के समर्थन में सड़क पर उतरीं प्रियंका हिरासत में, राहुल ने राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि कानूनों पर घमासान जारी है। एक तरफ कृषि कानूनो के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान पिछले 29 दिनों से दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हुए हैं तो दूसरी तरफ राजनितिक दलों का भी विरोध प्रदर्शन शुरू है।

किसानों के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज मार्च करने जा थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने इजाजत नहीं दी।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘भारत के किसान ऐसी त्रासदी से बचने के लिए कृषि-विरोधी क़ानूनों के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे हैं। इस सत्याग्रह में हम सबको देश के अन्नदाता का साथ देना होगा।’

राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सांसदों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को दो करोड़ किसानों के हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा। इसमें केंद्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करने का आग्रह किया गया है।

दूसरी ओर किसानों के समर्थन में सड़क पर उतरीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

इस पर प्रियंका गांधी ने कहा इस सरकार के खिलाफ किसी भी असंतोष को आतंक के तत्वों के रूप में वर्गीकृत किया जाता है। हम किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद करने के लिए यह मार्च कर रहे हैं।

चाणक्यपुरी एसीपी प्रज्ञा ने कहा कि केवल उन नेताओं को राष्ट्रपति भवन जाने की अनुमति होगी, जिनके पास अनुमति है।

गौरतलब है कि तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ 26 नवंबर से ही हजारों किसान दिल्ली की सीमाओं पर डटे हैं। तीन कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर जमे किसान नेताओं ने कहा कि सरकार ठोस लिखित प्रस्ताव के साथ आए, हम वार्ता के लिए तैयार हैं।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *