उप्र: विप चुनाव के लिए सपा ने घोषित किए उम्मीदवार, भाजपा में चल रहा मंथन

लखनऊ (उप्र)। उप्र में विधान परिषद चुनाव (एमएलसी) के लिए समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सपा ने राजेंद्र चौधरी व अहमद हसन को प्रत्याशी घोषित किया है।

वहीं, भाजपा में भी उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन निर्णायक दौर में पहुंच गया है। 12 सीटों के चुनाव के लिए 50 से अधिक दावेदारों के नाम होने के कारण नेतृत्व किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सका है।

उप-मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का फिर से विधान परिषद जाना तय माना जा रहा है। प्रत्याशियों की घोषणा 14 जनवरी के बाद होने के संकेत हैं।

मुख्यमंत्री आवास पर मंगलवार शाम प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित पार्टी की कोर टीम के सदस्यों ने तीन घंटे से ऊपर विचार-विमर्श करके नामों की छंटनी की। दावेदारों की सूची काफी बड़ी होने के कारण इसे अंतिम रूप नहीं दिया जा सका।

जहां तक वीआरएस लेने वाले गुजरात कॉडर के आईएएस अधिकारी अरविंद शर्मा को परिषद भेजे जाने की चर्चाओं का सवाल है तो बैठक में उनके नाम पर भी कोई गंभीर चर्चा होने की जानकारी नहीं है।

चुनावी वर्ष 2022 से ठीक पहले का वर्ष होने के नाते इस चुनाव का राजनीतिक तौर पर अलग महत्व हो गया है। भाजपा के राजनीतिक कौशल के इम्तिहान की भी घड़ी आ गई है।

दरअसल, विधान परिषद की जिन 12 सीटों का चुनाव इस महीने होने जा रहा है उसमें विधायकों के संख्या बल को देखते हुए भाजपा के हिस्से में कम से कम 10 सीटें आने की संभावना दिख रही है।

इसके विपरीत सपा के खाते में काफी कोशिशों और दूसरे दलों से सहयोग लेने के बावजूद ज्यादा से ज्यादा दो सीटें ही जाने के समीकरण दिखाई दे रहे हैं जबकि उसके 6 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। सदन में इस समय सपा के 55 सदस्य हैं।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *