Tesla का भारत में पहला चार्जिंग स्टेशन, 14 मिनट की चार्जिंग…

Tesla Supercharging Station: टेस्ला ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित अपस्केल वन में भारत में अपना पहला सुपर चार्जिंग स्टेशन आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया है।

Tesla Supercharging Station: दुनिया की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला ने सोमवार को भारत में अपना पहला चार्जिंग स्टेशन लॉन्च कर दिया है। अमेरिकी ईवी कंपनी ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के वन बीकेसी में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन शुरू किया है। एलन मस्क के नेतृत्व वाली टेस्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “मुंबई के वन बीकेसी में टेस्ला का सुपरचार्जर अब लाइव हो गया है।” यहां पर 250 kW तक की क्षमता और 11 kW की क्षमता के क्रमश: चार-चार चार्जर लगाए गए है। m

14 मिनट में चार्ज होगी कार!

नए चार्जिंग स्टेशन में चार वी4 सुपरचार्जिंग स्टॉल (डीसी फास्ट चार्जर) और चार एसी डेस्टिनेशन चार्जर हैं। टेस्ला के सुपरचार्जिंग स्टॉल 250 किलोवाट की अधिकतम चार्जिंग स्पीड प्रदान करेंगे, जिसकी कीमत 24 रुपए प्रति किलोवाट घंटा होगी, जबकि डेस्टिनेशन चार्जर 14 रुपए प्रति किलोवाट घंटा की दर से 11 किलोवाट तक की चार्जिंग प्रदान करेंगे। दावा किया जा रहा है कि ये सिर्फ़ 14 मिनट की चार्जिंग में लगभग 300 किलोमीटर की रेंज प्रदान करने में सक्षम है।

टेस्ला अपने चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार के तहत सितंबर के अंत तक मुंबई में तीन और चार्जिंग स्टेशन खोलने की योजना बना रही है। ये चार्जिंग स्टेशन नवी मुंबई, ठाणे और लोअर परेल में स्थापित किए जाएंगे। इस कदम का उद्देश्य भारत की आर्थिक राजधानी में टेस्ला के प्रीमियम ग्राहकों को बढ़ावा देना और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने में वृद्धि करना है।

चार्जिंग पर कितना होगा खर्च?

मौजूदा समय में Tesla Model Y बिक्री के लिए भारत में मौजूदा है। मॉडल वाई के दो संस्करण हैं, जिसमें पहला लॉन्ग रेंज रियर-व्हील ड्राइव मॉडल है, जिसकी शुरुआती कीमत 67.89 लाख रुपए है और दूसरा रियर-व्हील ड्राइव मॉडल है जिसकी कीमत 59.89 लाख रुपए है।

दोनों मॉडलों को पूरी तरह से निर्मित इकाई (सीबीयू) के रूप में चीन की शंघाई गिगाफैक्ट्री से आयात किया जा रहा है। 2025 की तीसरी और चौथी तिमाही में डिलीवरी शुरू होने की उम्मीद है। बीकेसी में शोरूम के पास एक सर्विस सेंटर स्थापित करने के लिए, टेस्ला इंडिया मोटर एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने मुंबई के कुर्ला पश्चिम में 24,500 वर्ग फुट जगह भी लीज पर ली है।