बदायूं सामूहिक दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार का था इनाम

बदायूं। उप्र के बदायूं जनपद के उघैती में सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी पुजारी को बृहस्पतिवार की रात गांव वालों की मदद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुजारी उघैती क्षेत्र के ही मेवली गांव में एक महिला के घर में छिपा हुआ था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी पुलिस ने रखा था।

गौरतलब है कि बीते रविवार की शाम को उघैती क्षेत्र की 50 वर्षीय महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।

मुख्य आरोपी पुजारी फरार था। उसकी तलाश में जोन की पुलिस लगी हुई थी। बदायूं पुलिस ने पूरे उघैती इलाके की नाकेबंदी कर रखी थी।

बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे मेवली गांव के लोगों को एक महिला के घर में किसी व्यक्ति के छिपे होने की जानकारी मिली।

गांव वालों ने जब घर में जाकर महिला से पूछा तो उसने मना कर दिया। शक होने पर कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

एडीजी की स्पेशल टीम भी गांव में पहुंच गई। एसएसपी बदायूं उघैती थाने की पुलिस भी वहां आ गई। इसी दौरान लोग महिला के घर में घुस गए।

भीड़ को देखकर पुजारी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *