
नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण की रफ़्तार हर दिन रिकॉर्ड तोड़ रही है। महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण की स्थिति चिंताजनक हो गई है। संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और रिकवरी रेट में गिरावट देखने को मिल रही है।
पिछले 24 घंटे में 39 हजार 726 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 154 लोगों की मौत भी हुई है जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 59 हजार 370 हो गई है।
संक्रमण से देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में गुरुवार को रिकॉर्ड 25 हजार 833 मामले सामने आए। देश में कोरोना महामारी के आने के बाद से अब तक का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। एक दिन में इतने मामले किसी राज्य में सामने नहीं हैं। इससे पहले पिछले साल 11 सितंबर को राज्य में 24,886 मामलों की पुष्टि हुई थी।
अब देश में कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1 करोड़ 15 लाख 14 हजार 331 तक पहुंच गया है। फिलहाल देश में कोरोना के 2 लाख 71 हजार 282 ऐक्टिव केस हैं।
बीते 24 घंटे में कोरोना के 20 हजार 654 मरीज ठीक हुए हैं। जिससे ठीक होने वालों की संख्या 1 करोड़ 10 लाख 83 हजार 679 हो गई है। यह कुल संक्रमितों का 96.41 प्रतिशत है।
देश में बीते 24 घंटे के अंदर कोरोना के 18 हजार 918 ऐक्टिव केस बढ़े हैं। बता दें कि शुक्रवार को लगातारा नौंवा दिन है जब देश में कोरोना के 20 हजार से ज्यादा मामले आ रहे हैं।
देश में कोरोना टीकाकरण भी तेजी से चल रहा है। इसकी संख्या चार करोड़ के करीब पहुंच गई है। देश में कुल अब तक 3,93,39,817 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है।