
लखनऊ। उप्र विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों का आज शपथ ग्रहण समारोह आज संपन्न हो गया। कार्यक्रम विधानसभा के तिलक हॉल में आयोजित किया गया था।
प्रोटेम स्पीकर कुंवर मानवेंद्र सिंह द्वारा नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वालों में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, पूर्व वरिष्ठ आइएएस अधिकारी अरविन्द कुमार शर्मा सहित नौ लोग शामिल थे। इस दौरान डिप्टी केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने शपथ लेने की जानकारी ट्विटर के जरिए दी. उन्होंने लिखा, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नवनिर्वाचित मा० सदस्य गण के साथ शपथ ग्रहण समारोह में एक बार पुन: विधानपरिषद सदस्य के रूप में शपथ लिया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लिखा प्रभु श्रीराम एवं आप सभी के आशीर्वाद से आज उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। मुझे पुनः यह महत्वपूर्ण दायित्व देने के लिए शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
वहीँ पूर्व वरिष्ठ आइएएस अधिकारी अरविन्द कुमार शर्मा ने ट्वीट किया, एमएलसी के रूप में शपथ ली। धन्यवाद भाजपा नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को, विशेष रूप से माननीय नड्डा जी, माननीय मोदी जी, माननीय स्वतंत्रदेव जी और माननीय योगी जी। राष्ट्र और लोगों की सेवा के लिए समर्पित जीवन.
बता दें कि विधान परिषद के लिए कुल 12 सदस्य निर्वाचित हुए हैं थे, जिनमें से दो पहले ही शपथ ले चुके है। 09 सदस्यों ने आज शपथ ली। वहीं नवनिर्वाचित सदस्यों में से एक सपा नेता राजेंद्र चौधरी आज शपथ लेने नहीं पहुंचे।
आज इन सदस्यों ने ली शपथ
- डॉ. दिनेश शर्मा
- स्वतंत्रदेव सिंह
- लक्ष्मण प्रसाद आचार्य
- अरविंद कुमार शर्मा
- गोविंद नारायण शुक्ला
- सलिल विश्नोई
- अश्विनी त्यागी
- धर्मवीर प्रजापति
- सुरेंद्र चौधरी