यूके के पीएम बोरिस जॉनसन गणतंत्र दिवस पर होंगे मुख्य अतिथि, स्वीकार किया निमंत्रण

नई दिल्ली/लन्दन। यूनाइडेट किंगडम (यूके) के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन 2021 के गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होंगे। जॉनसन ने पीएम मोदी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

यूके ने इसे बड़ा सम्मान बताते हुए पीएम मोदी को G7 समिट के लिए आमंत्रित किया है, जिसकी मेजबानी ब्रिटेन करने जा रहा है।

यूके के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने मंगलवार भारतीय विदेश मंत्री एस.जयशंकर से मुलाकात के बाद यह घोषणा की।

बोरिस जॉनसन का प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला बड़ा यह द्वीपक्षीय दौरा होगा। यह दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि ईयू से अलगाव के बाद पहली बार यूके के पीएम भारतीय दौरे पर आ रहे हैं।

जॉनसन ने पीएम मोदी को खत लिखकर बताया है कि उन्होंने न्योता स्वीकार कर लिया है और साथ ही भारत को जी7 समिट के लिए आमंत्रित किया है।

ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि उनका देश भारत के साथ आर्थिक संबंध मजबूत करना चाहता है। इस मुलाकात के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि उन्होंने आतंकवाद और कट्टरवाद के कारण पैदा हुई चुनौतियों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा, ”हमने अफगानिस्तान के हालात और खाड़ी देशों, हिंद-प्रशांत क्षेत्र संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। यह महत्वपूर्ण है कि भारत और ब्रिटेन कोविड-19 के बाद आर्थिक रूप से पटरी पर लौटने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए गठजोड़ को मजबूत करें।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 नवंबर को टेलीफोन पर बातचीत के दौरान जॉनसन को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया था।

भारत में किसी भी ब्रिटिश प्रधानमंत्री को गणतंत्र दिवस के मौके पर लंबे समय बाद बुलाया गया है। आखिरी बार साल 1993 में ब्रिटेन के पीएम जॉन मेजर गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बने थे।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *