उप्र: एमएलसी की 12 सीटों पर होगा चुनाव, 11 जनवरी को अधिसूचना; 28 को मतदान

लखनऊ। उप्र विधान परिषद (एमएलसी) की 12 सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। निर्वाचन आयोग ने आज बुधवार को चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया।

कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना 11 जनवरी को जारी की जाएगी। प्रत्याशी 11 से 18 जनवरी तक पर्चा दाखिल कर सकेंगे।

19 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 21 जनवरी को नाम वापसी होगी। मतदान 28 जनवरी को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना भी शुरू हो जाएगी।

प्रदेश में 30 जनवरी को विप की 12 सीटें रिक्त हो रही हैं। विधान परिषद में जो 12 सीटें खाली हो रही हैं उनमें सपा के अहमद हसन, रमेश यादव, आशु मलिक, रामजतन राजभर, वीरेंद्र सिंह और साहब सिंह सैनी हैं।

भाजपा के डॉ. दिनेश शर्मा, स्वतंत्र देव सिंह और लक्ष्मण प्रसाद आचार्य हैं। बसपा के धर्मवीर सिंह अशोक, प्रदीप कुमार जाटव और नसीमुद्दीन सिद्दीकी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनमें नसीमुद्दीन कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। उनकी विधान परिषद की सदस्यता खत्म की जा चुकी है।

विधान परिषद में सौ सदस्य होते हैं। इसमें बहुमत के लिए 51 का आंकड़ा चाहिए। विधान परिषद शिक्षक क्षेत्र के चुनाव से पहले सपा के 52, भाजपा के 19, बसपा के आठ, कांग्रेस के दो और अपना दल सोनेलाल व शिक्षक दल के एक-एक के साथ तीन निर्दलीय सदस्य थे। 14 सीटें खाली थीं, जिनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक कोटे की सीटों पर चुनाव हुए।

स्नातक व शिक्षक कोटे की सीटों के नतीजे आने के बाद सपा की संख्या अब 55 हो गई है। भाजपा के सदस्य अब 25 हैं। बसपा और कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ा है। अभी भी तीन सीट खाली हैं।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *