उप्र: किसान आन्दोलन पर रार, अखिलेश यादव गिरफ्तार, कई सपा नेता नजरबन्द

लखनऊ। किसान आन्दोलन के समर्थन में धरने पर बैठे पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को आज लखनऊ के राजभवन तिराहे से हिरासत में ले लिया गया। उनको धारा 144 तोड़ने के कारण हिरासत में लिया गया है।

दरअसल किसान बिल के खिलाफ दिल्ली में किसानों के विरोध प्रदर्शन के समर्थन में यूपी में समाजवादी पार्टी आज प्रदेश भर में किसान यात्राओं का आयोजन कर रही है।

पुलिस ने प्रदेशभर में सपा कुछ नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया है, वहीं कई पूर्व विधायकों को हिरासत में ले लिया गया है।

वाराणसी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, पीलीभीत, गोरखपुर, मेरठ सहित कई जिलों में सपा नेताओं के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है।

कन्नौज में किसान यात्रा निकालने की जिद पर अड़े सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

यहां भी कई नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया है। सपा कार्यालय के बाहर नारेबाजी करने वाले कार्यकर्ताओं को दौड़ाकर पकड़ा।

सपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे हेमराज वर्मा को पुलिस ने उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूर्व मंत्री को न्यूरिया थाने ले जाया गया।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष की नुमाइंदगी में सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर ही धरने पर बैठे। सभी को पुलिस की नजरबंदी में रखा गया है।

पीलीभीत में सपा जिलाध्यक्ष को पार्टी कार्यालय पर और पूर्व कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद को उनके घर पर ही नजर बंद कर दिया गया।

एएसपी डा.पवित्र मोहन त्रिपाठी की अगुवाई में पुलिस बल सड़कों पर है। सभी चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बदायूं के दातागंज में सपा जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव एवं उनके बेटे पूर्व ब्लाक प्रमुख अवनीश यादव पुलिस ने आवास के अंदर घेरा। पुलिस ने पिता-पुत्र दोनों नेताओं के मोबाइल भी जब्त कर लिए हैं।

उझानी में पूर्व मंत्री विमल कृष्ण, बिसौली में पूर्व विधायक आशुतोष मौर्य भी नजरबंद है। श्हर में मुख्तार बाबा सहित सभी पदाधिकारियों के घर के बाहर पुलिस ने पहरा लगा दिया।

वाराणसी में कैन्ट पुलिस ने सिकरौल सेंट्रल जेल रोड़ निवासी सपा नेता मनोज यादव उर्फ गोलू के आवास पर पहुंची है।

एसपी सिटी ने कहा कि किसान आंदोलन से जुड़ी जो भी कार्यक्रम है उस पर नजर रखी जा रही है। लखनऊ में पुलिस ने सपा के एमएलसी राजपाल कश्यप और आशु मलिक को हिरासत में ले लिया।

मिर्जापुर में किसान आंदोलन के मद्देनजर पुलिस ने सपा नेताओं की गिरफ्तारी व नजरबंदी  करने में जुटी।

मड़िहान विधानसभा के अध्यक्ष व सपा नेता शैलेश पटेल और शंभू यादव को थाने में बैठाया गया। सपा के अन्य नेताओं की तलाश में पुलिस जुटी है।

कानपुर शहर के आर्यनगर से विधायक अमिताभ वाजपेई, बिठूर से पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला समेत कई सपा नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया गया है।

लखनऊ स्थित अखिलेश यादव के आवास तक का एरिया सील कर दिया गया है। यहां भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। विक्रमादित्य मार्ग को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *