उप्र: सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत लेकर पहुंची महिला का दारोगा ने भी किया शोषण

शाहजहांपुर। उप्र के शाहजहांपुर में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने एक दारोगा पर शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि जब वह अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन आई तब उसके साथ दारोगा ने भी दुष्कर्म किया।

पीड़िता की शिकायत पर अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली अविनाश चंद्र ने दारोगा के खिलाफ जांच का आदेश दिया है।  दुष्कर्म पीड़िता बुधवार को बरेली में एडीजी से मिली थी। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

जलालाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने बताया कि वह 30 नवंबर को जब पैदल मदनपुर जा रही थी। तभी एक कार में पांच आदमी आए और उसे जबरन कार में खींच लिया।

इसके बाद पास के एक खेत में ले जाकर पांचों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद वह काफी घबरा गई थी। किसी तरह वह हिम्मत कर मामले की शिकायत लिखवाने पुलिस स्टेशन गई।

महिला जब अपनी शिकायत दर्ज कराने जलालाबाद पुलिस स्टेशन गई, तो वहां मौजूद एक दारोगा उसे अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला एडीजी बरेली अविनाश चंद्र से मिली। एडीजी ने दारोगा के खिलाफ जांच का आदेश दिया। 

पुलिस क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपाल सिंह ने कहा कि वह खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं और आरोप सही हुए तो मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *