Stock Market Today: अमेरिका द्वारा लगाए गए भारी शुल्कों के प्रभाव से उबरने की कोशिशों के बीच, शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ खुला।
Stock Market Today: सुबह के शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 36 अंक या 0.15 प्रतिशत बढ़कर 24,537 पर पहुँच गया। इस बीच, बीएसई सेंसेक्स 118 अंक या 0.15 प्रतिशत बढ़कर 80,199 पर पहुँच गया।बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक स्थिर कारोबार कर रहे थे। विभिन्न क्षेत्रों में, FMCG सूचकांक 1.59 प्रतिशत बढ़ा, जबकि ऑटो सूचकांक 0.84 प्रतिशत गिरा। निफ्टी प्रोवेट बैंक 0.43 प्रतिशत बढ़ा।
निफ्टी में कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, एचयूएल, टाटा स्टील, टीसीएस और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से लाभ में रहे। श्रीराम फाइनेंस, अपोलो हॉस्पिटल्स, टाइटन कंपनी, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रूप से पिछड़े रहे। विश्लेषकों ने कहा कि निफ्टी ने दैनिक चार्ट पर एक मजबूत मंदी का कैंडल बनाया है, जो निरंतर बिकवाली दबाव को दर्शाता है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा, “ट्रंप के 50 प्रतिशत टैरिफ और भारत के हाई वैल्यूएशन से उपजी बाजार की नेगेटिव सेंटीमेंट ने एफआईआई को अपनी शॉर्ट पोजीशन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया है। अगर टैरिफ नीति पर जल्द ही कोई सकारात्मक निर्णय लिया जाता है, तो सेंटीमेंट बदल सकता है और शॉर्ट कवरिंग हो सकती है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत में नीतिगत पहलों बजट के माध्यम से राजकोषीय प्रोत्साहन, दरों में कटौती के माध्यम से मौद्रिक प्रोत्साहन और आगामी जीएसटी रेशनलाइजेशन से आने वाली तिमाहियों में आर्थिक विकास और कॉर्पोरेट आय में सुधार आना चाहिए, जिससे बाजार की बुनियादी बातों के समर्थन से बाजार में तेजी आएगी।
सुबह के सत्र में एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। टोक्यो में मुख्य उपभोक्ता मूल्य सूचकांक अगस्त में धीमी गति से बढ़े। जुलाई में बेरोजगारी दर भी घटकर 2.3 प्रतिशत रह गई, जो पिछले महीने 2.5 प्रतिशत थी।
चीन का शंघाई सूचकांक 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ स्थिर रहा, जबकि शेन्जेन में 0.81 प्रतिशत की तेजी रही। जापान का निक्केई 0.43 प्रतिशत की गिरावट में रहा, हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 0.76 प्रतिशत की बढ़त में रहा और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.12 प्रतिशत गिरा।
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को लगातार चौथे दिन बिकवाली जारी रखी और 3,856.51 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस बीच, घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) शुद्ध खरीदार बने रहे और उन्होंने 6,920.34 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।