Uttarakhand Cloudburst News: भारी बारिश ने पहाड़ों पर आफत मचाई हुई है. चमोली जिले के थराली के बाद अब मोपाटा में बादल फटने से स्थानीय लोगों का जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया.
Uttarakhand Cloudburst News: उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में बीती रात प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाया। मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटना ने मोपाटा गांव में तबाही मचा दी। इस हादसे कुछ लोगों के लापता होने की खबर है। भारी बारिश के कारण आए मलबे ने बदरीनाथ हाईवे को चटवा पीपल के पास पूरी तरह बाधित कर दिया है, जिससे आवागमन ठप हो गया है। मूसलाधार बारिश के साथ मलबा कई घरों में घुस गया और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं. चमोली में 2 लोग लापता हैं, जबकि कई जानवर मलबे में दबे हुए हैं।
चमोली में जगह-जगह नुकसान
चमोली जनपद में लगातार बारिश की वजह से जगह-जगह नुकसान हुआ है. देवाल में बादल फटने से दो लोग लापता हैं जबकि दो लोग घायल हो चुके हैं. वहीं अलग-अलग क्षेत्र में भी नुकसान की खबरें आ रही हैं. बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई जगहों पर बाधित हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरीके से प्रभावित है.
सड़कों पर मलबा, आवागमन बाधित
भारी बारिश के कारण चमोली जिले में कई सड़कें बंद हो गई हैं। बदरीनाथ हाईवे पर मलबा जमा होने से यातायात पूरी तरह ठप है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन बारिश का सिलसिला थमने तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद कम है।
चमोली के मोपाटा गांव में बादल फटने से तबाही
उत्तराखंड के चमोली जिले की तहसील देवाल के अंतर्गत आने वाले मोपाटा गांव में गुरुवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई. इस भीषण आपदा में गांव के तारा सिंह और उनकी पत्नी लापता हो गए हैं, जबकि विक्रम सिंह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब दो से ढाई बजे के बीच तेज बारिश के साथ बादल फटा. देखते ही देखते मकान और गोशाला मलबे में दब गए. करीब 15 से 20 मवेशियों के दबने की आशंका जताई जा रही है.