लखनऊ: अजीत सिंह हत्याकांड में पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी

लखनऊ। लखनऊ पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख और हिस्ट्रीशीटर अजीत सिंह हत्याकांड में बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह को 120B (आपराधिक षड्यंत्र) का आरोपी बनाया है, उनके खिलाफ NBW (गैर जमानती वारंट) जारी हो गया है। पुलिस का कहना है जल्द ही धनंजय सिंह की गिरफ्तारी होगी।

सीजेएम कोर्ट से जारी गिरफ्तारी के अधिपत्र में लखनऊ पुलिस को माननीय न्यायाधीश द्वारा निर्देश दिया गया है कि अजीत सिंह हत्याकांड में धनंजय सिंह भी आरोपी है अतएव उसे गिरफ्तार कर मेरे समक्ष पेश कीजिए।

ये था पूरा मामला

गौरतलब है लखनऊ के पाश इलाके गोमतीनगर के विभूतिखंड के कठौता चौराहा पर गत छह जनवरी की रात सवा आठ बजे बदमाशों ने मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अजीत सिंह की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

अजीत को दिसंबर में ही मऊ से जिला बदर किया गया था जिसके बाद से वह यहां गोमतीनगर विस्तार के एक अपार्टमेंट में रह रहा था।

पुलिस की जांच में दावा किया गया था कि पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने शूटरों की मदद की थी। अजीत ने भी अपनी पिस्टल से फायरिंग की थी जिसमें एक शूटर के पेट पर गोली लगी थी।

गैंगवार में घायल शूटर का इलाज कराने वाले सुल्तानपुर के डॉ. एके सिंह ने पुलिस को बताया था कि धनंजय ने ही उन्हें फोन कर इलाज के लिए कहा था। वहीँ, अभी पिछले रविवार को ही वारदात के मुख्य शूटर गिरधारी विश्वकर्मा पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *