
लखनऊ। उप्र की योगी आदित्यनाथ सरकार आज अपना 2021-22 का बजट पेश करेगी। यह इस सरकार का पांचवां बजट होगा। सदन में बजट पेश करने से पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर कैबिनेट की बैठक बुलाई है। इस बैठक में बजट पर मुहर लगेगी।
इस बैठक में वित्त वर्ष 2021-22 के लिए सहमति मिलेगी। इसके बाद सदन में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना दिन में करीब 11 बजे पेपरलेस बजट पेश करेंगे।
इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ मीडिया से दिन में करीब एक बजे वार्ता करेंगे। विधानमंडल का बजट सत्र दस मार्च तक चलेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार का बजट पेश करने से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर कैबिनेट बैठक में जाने से पहले वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने घर में पूजा की। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पाठ किया। वित्त मंत्री ने बजट बैग लेकर पूजा की।इस दौरान उनके हाथ में बजट बैग के साथ आइपैड भी था।
उन्होंने कहा कि इस बार भी बजट में सबका साथ सबका विकास पर फोकस है। योगी आदित्यनाथ सरकार हर वर्ग के हित का ख्याल रखती है। खन्ना ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि बजट का लाभ उत्तर प्रदेश के सभी 33 करोड़ लोगों को मिले।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कोविड-19 महामारी का दबाव झेल रही अर्थव्यवस्था और लंबे किसान आंदोलन की गूंज के बीच बजट तैयार किया है।
इसके अलावा युवाओं को लैपटाप व किसानों को ब्याजमुक्त फसली ऋण जैसे बड़े बजट खर्च वाले कई चुनावी वादे अभी अधूरे हैं।
किसान और युवा इसके पूरे होने का इंतजार कर रहे हैं। चुनाव में सर्वाधिक अहम भूमिका निभाने वाले इस वर्ग की उम्मीदों को सरकार किसी न किसी रूप में पंख लगा सकती है।
इस बार बजट देखने के लिए सभी विधायक व विधान परिषद सदस्यों को आईपैड प्रदान किया गया है। इसके साथ ही विधान भवन में बड़ी सक्रीन लगाई गई है,
जिसपर सदस्य बजट की झलकियां देख सकेंगे। प्रदेश सरकार का बजट सत्र 18 फरवरी को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था। जिसमें दोनों सदन के सदस्य मौजूद थे।