
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी संसदीय दल की बैठक शुरू हो गई है। बैठक के लिए प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण, डॉ.एस.जयशंकर, प्रह्लाद पटेल व तमाम वरिष्ठ मंत्री संसद भवन में हैं।
बैठक का आयोजन संसद परिसर के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में किया गया। एक साल बाद हो रही इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी कोविड-19 के मद्देनजर भारत के संघर्ष पर चर्चा करेंगे। साथ ही इसमें पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
देश में कोरोना वैक्सीनेशन की प्रगति के अलावा मैत्री अभियान के तहत दूसरे देशों को वैक्सीन की आपूर्ति में भारत की भूमिका पर भी बात होगी।
प्रधानमंत्री संसदीय दल की बैठक में चार राज्यों व एक केंद्र शासित प्रदेश में विस चुनाव के दौरान पार्टी के रोडमैप पर भी चर्चा करेंगे। कोरोना के कारण भाजपा संसदीय दल की बैठक एक साल से नहीं हुई थी।
भाजपा चुनाव समिति की अंतिम बैठक पिछले साल 17 मार्च को हुई थी। बैठक को प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित किया था। उन्होंने पार्टी के अच्छे कामों को लोगों तक पहुंचाने और चुनावों के मद्दनेजर नेताओं पर निजी हमले से बचने की सलाह दी थी।
बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।