भारत बंद: 31 जगह रेल ट्रैक पर बैठे किसान, गाजीपुर-टिकरी बॉर्डर जाम

भारत बंद

नई दिल्ली। तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने आज भारत बंद का आयोजन किया है। देश के कई हिस्सों में बंद का असर देखने को मिल रहा है, लेकिन इसका सबसे ज्यादा प्रभाव दिल्ली के आसपास के इलाकों और हरियाणा-पंजाब में ही दिखा है।

किसान संगठनों ने चुनावी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में बंद से अलग रखा है। संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, देशव्यापी बंद सुबह 6 बजे शुरू हुआ और यह शाम 6 बजे तक लागू रहेगा।

किसानों और भारत सरकार के बीच अब तक कृषि कानूनों को लेकर 11 राउंड की बातचीत हो चुकी है, लेकिन गतिरोध नहीं टूटा है। संसद ने बीते साल मॉनसून सत्र के दौरान तीन नए कृषि कानूनों को मंजूरी दी थी।

इस बीच सुबह से ही प्रदर्शनकारियों के जुटने और जाम लगाने के चलते दिल्ली-यूपी को जोड़ने का गाजीपुर बॉर्डर बंद हो गया है।

इसके अलावा दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित सिंघु बॉर्डर भी जाम है। गाजीपुर बॉर्डर पर किसान होली के गीत गाते और नाचते नजर आए। किसानों ने दिल्ली-अमृतसर रेल रूट पर भी जाम कर दिया है।

बंद हुए 4 में से तीन मेट्रो स्टेशन खुले, ये अब भी बंद

किसानों के भारत बंद के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो द्वारा शुक्रवार को कुछ समय के लिए टीकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए थे, लेकिन अब पंडित श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन को छोड़कर बाकी तीन फिर से खोल दिए गए हैं।

किसान संगठनों ने अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे को बंद कर दिया है। इसके अलावा जीरकपुर-पंचकूला रोड पर भी आंदोलनकारियों ने जाम लगा दिया है। बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *