Delhi CM रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, पहले कागज दिया, फिर मारा थप्पड़

Delhi CM Rekha Gupta Attacked: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने सीएम को थप्पड़ मारा और गाली दी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ जारी .

Delhi CM Rekha Gupta Attacked:दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर ‘जन सुनवाई’ के दौरान हमला हुआ है। साप्ताहिक ‘जन सुनवाई’ के दौरान एक व्यक्ति अचानक बाहर आया और मुख्यमंत्री पर एक भारी वस्तु फेंकी, जिसके कारण रेखा गुप्ता जमीन पर गिर गईं। फिलहाल, हमला करने वाले शख्स को हिरासत में लिया जा चुका है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार को अपने सरकारी आवास पर ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के तहत लोगों की शिकायतें सुन रही थीं।

कैसे हुआ सीएम रेखा गुप्ता पर अटैक

रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली में साप्ताहिक तौर पर ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। इसी क्रम में, बुधवार को वह लोगों की शिकायतें सुनने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर आया था। जब वह मुख्यमंत्री के नजदीक पहुंचा, तो वह चिल्लाने लगा और उसी दौरान रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारा। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने किया, जिसने मुख्यमंत्री पर हमला करने से पहले उन्हें कुछ कागजात दिए थे।

हमलावर के बारे में क्या जानते हैं

फिलहाल, हमलावर को सिविल लाइन थाने में रखा गया है. उससे पूछताछ जारी है. आरोपी के हाथ में कोर्ट के कुछ कागजात मिले हैं. कहा यह भी जा रहा है कि आरोपी ने सीएम रेखा गुप्ता पर पत्थर फेंकने की भी कोशिश की थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावर दिल्ली का ही निवासी है और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है.अभी तक उसके हमले का कारण सामने नहीं आया है. बहरहाल, यह दिल्ली की सीएम के साथ सुरक्षा चूक का बड़ा मामला है. दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमले की भाजपा ने निंदा की है.बहरहाल, सीएम रेखा गुप्ता पर अटैक की खबर गृह मंत्रालय को दे दी गई है.

हालांकि, हमले की अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। सीएम रेखा गुप्ता फिलहाल चिकित्सा निगरानी में हैं। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर पहुंच गए हैं। फिलहाल, आरोपी को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस घटना को उनकी सुरक्षा में एक बड़ी चूक के रूप में देखा जा रहा है। घटना के बाद मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।