
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में फिर बढ़ोत्तरी हुई है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 17,921 नए मामले दर्ज किए गए और 133 लोगों की मौत हुई है।
एक दिन पहले की तुलना में कोरोना से मरने वालों की संख्या दोगुनी हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 17,921 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,12,62,707 पहुंच गए हैं।
वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना की वजह से 133 मरीजों की जान जा चुकी है, जिसके चलते देश में कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1,58,063 हो गई हैं। इससे एक दिन पहले, मंगलवार को कोरोना वायरस से 77 लोगों की जान गई थी।
पिछले 24 घंटों में 20,652 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसी के साथ देश में अब तक 1,09,20,046 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में सफल रहे हैं।
रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में आज लगातार दूसरे दिन कई हफ्तों बाद सुधार देखने को मिला है।
इससे पहले, कोरोना के दैनिक मामले की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक आ रही थी। फिलहाल, देश में कोरोना के सक्रिय मामले 1,84,598 हैं।
बता दें कि कई दिनों से लगातार कोरोना संक्रमण के मामले 18 हजार से अधिक आ रहे थे। इस बीच, मंगलवार को दैनिक मामलों में आई गिरावट के एक दिन बार कोरोना संक्रमण के नए मामले आज फिर 18 हजार के करीब पहुंच गए हैं।