उप्र पंचायत चुनाव: सी-प्लान ऐप बनेगा पुलिस का मददगार, जानिए खासियत

Image result for c plan app
c plan app प्रतीकात्मक तस्वीर

बागपत (उप्र)। उप्र के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी लोकसभा चुनाव की तरह सी-प्लान ऐप पुलिस का मददगार बनेगा। पुलिस विभाग इस ऐप का प्रयोग अब पंचायत चुनाव में भी करने जा रहा है।

इसमें गांवों-कस्बों के दस-दस संभ्रांत लोग जुड़ेंगे। नाम के साथ उनके मोबाइल नंबर मौजूद रहेंगे। किसी भी अप्रिय घटना के घटित होने या अफवाह फैलने पर पुलिस संभ्रांत लोगों से संपर्क साधकर मामले की सच्चाई का पता लगाएगी और समय रहते स्थिति को नियंत्रित करेगी।

बागपत के एएसपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया सी प्लान एप को कम्युनिटी पुलिसिंग, आमजन से सीधे संवाद, कानून व्यवस्था बनाना और पुलिस के कार्यों में जनता की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बनाया गया है। जिले भर के सभी गांवों के अलावा बागपत, बड़ौत और खेकड़ा शहर के लोगों को भी ग्रुप से जोड़ा जाएगा।

आमतौर पर चुनाव के दौरान अफवाहों से माहौल बिगड़ता है। ऐसे में अब इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पुलिस ने इस एप को सक्रिय करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए इस एप की शुरुआत की गई थी। तब पुलिस कर्मियों ने गांव-गांव,मोहल्ले-मोहल्ले जाकर संभ्रांत नागरिकों को इस एप से जोड़ा था।

एप में ग्राम व लोगों के नाम के साथ उनके मोबाइल नंबर मौजूद हैं। एप के जरिए एक क्लिक से ही इन लोगों के नंबर पुलिस कर्मियों के मोबाइल स्क्रीन पर आ जाते हैं।

जनपद में किसी भी अप्रिय घटना के घटित होने या अफवाह फैलाने पर पुलिस गणमान्य नागरिकों से संपर्क साधती है। स्थिति को अपने नियंत्रण में लेती है।

उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए मद्देनजर सी प्लान एप को अपडेट किया जा रहा है। वहीं थानेवार व्हाटसएप ग्रुप भी बनाए गए हैं। जिन पर तीन हजार से अधिक लोगों को जोड़ा गया है।

डीजीपी व यूपी 112 कंट्रोल रूम से जुड़ा एप

एएसपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि सी प्लान एप का संचालन सीधे लखनऊ से होता है। डीजीपी व यूपी 112 कंट्रोल रूम को एप से जोड़ा गया है। दोनों कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करते हैं।

समय-समय पर एप से जुड़े संभ्रांत नागरियों से समन्वय स्थापित किया जाता है। क्षेत्र में हो रही अपराधिक गतिविधियां आदि के संबंधों में जानकारी प्राप्त की जाती हैं।

ऐसे काम करता है सी प्लान एप

पुलिस कर्मियों के स्मार्ट फोन पर एप डाउनलोड करने के बाद संबंधित थाने का सीयूजी नंबर दर्ज करना होता है। सीयूजी नंबर दर्ज करने के बाद मोबाइल पर ओटीपी आता है।

ओटीपी अंकित करते ही एप सक्रिय हो जाता है। पंचायत चुनाव को देखते हुए सी-प्लान एप को अपडेट किया जा रहा है। एप में दर्ज संभ्रांत नागरिकों की वर्तमान स्थिति की जानकारी की जा रही है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *