Shubhanshu Shukla Lucknow Visit: भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन और भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आज (25 अगस्त) लंबे समय बाद अपने शहर लखनऊ पहुंचे हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए परिवार, छात्र और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Shubhanshu Shukla Lucknow Visit: भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के परिवार के सदस्य और प्रदेश के कई लोग सोमवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर एकजुट हुए। वे सभी अंतरिक्ष से सफल मिशन पूरा करके लौटे शुभांशु शुक्ला का स्वागत करने आए थे। वह अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के ऐतिहासिक मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद लौटे। शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) तक का ऐतिहासिक सफर पूरा किया है।
एयरपोर्ट पर किया गया ग्रैंड वेलकम
शुक्ला के लखनऊ पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विज्ञान के क्षेत्र में जिस तरह की उपलब्धि हासिल की है , वो प्रशंसनीय है। शुभांशु शुक्ला ने दुनिया को रास्ता दिखाने का काम किया है। ऐसी स्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार ने शुभांशु शुक्ला के स्वागत में कई जगहों पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया है। युवा पीढ़ी के लिए शुभांशु शुक्ला प्रेरणा स्रोत हैं।”
एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उनके ऊपर फूलों की बारिश हुई. इसके बाद वे जीप से CMS गोमतीनगर एक लिए रवाना हो गए. शुभांशु शुक्ल रोड शो करते हुए उस स्कूल पहुंचेंगे जहां से उन्होंने ने पढ़ाई की थी.
अंतरिक्ष में भारत का नाम रोशन किया
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में शुभांशु शुक्ला की तारीफ की। कहा कि शुभांशु ने विश्व पटल पर लखनऊ का नाम रोशन किया है। इसके लिए मैं पूरे लखनऊ वासियों की तरफ से उन्हें शुभकामनाएं देती हूं। वहीं, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के परिवार के लोगों ने खुशी और गर्व जताते हुए कहा कि उन्होंने बड़ी ऊंचाइयां हासिल की हैं और अंतरिक्ष में भारत का नाम रोशन किया है।
जब शुक्ला लखनऊ हवाई अड्डे पहुंचे, तो वहां देशभक्ति के नारों की गूंज थी। उनके पुराने स्कूल के छात्र भी इस मौके पर मौजूद थे। वे हाथों में तिरंगा लहराते हुए, खुशी और गर्व से उनका स्वागत कर रहे थे।
जून में शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। वे 18 दिनों के मिशन के बाद 15 जुलाई को धरती पर लौटे। इस मिशन में इसरो द्वारा संचालित कई वैज्ञानिक प्रयोग और अंतरिक्ष स्टेशन पर अन्य गतिविधियां शामिल थीं। मिशन के बाद उन्होंने अमेरिका में कुछ समय तक पुनर्वास (रिकवरी) किया। शुक्ला 17 अगस्त की सुबह भारत लौटे और उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात भी की।
शुक्ला का एएक्स-4 मिशन, जो अंतरराष्ट्रीय सहयोग से पूरा हुआ, पूरे देश में सराहा गया। इस मिशन ने भारत को अंतरिक्ष विज्ञान में नया अनुभव दिया और भविष्य के मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ के लिए भारत की तैयारी और उम्मीदों को और मजबूत किया।