UP में खुला रोजगार का पिटारा; 50 हजार युवाओं को मिलेगा मौका…

UP Job fair: राजधानी लखनऊ में अब तक का सबसे बड़ा रोजगार मेला आज से लगने जा रहा है. यह तीन दिनों तक चलेगा. इसे रोजगार महाकुंभ-2025 नाम दिया गया है.

UP Job fair: लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यह मेला लग रहा है. यूपी रोजगार मिशन के तहत मंशा 50 हजार युवाओं को जॉब्स के ऑफर देने की है. इसमें नामी-गिरामी इंटरनेशनल कंपनियां भी प्रतिभाग कर रही हैं. युवाओं को देश के साथ विदेश में भी काम करने का अवसर मिल सकता है. रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन ही होगा. इसमें कम शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थी भी हिस्सा ले सकते हैं.

50 हजार नौकरियां: 

यूपी सीएम योगी के विजन के मुताबिक, यूपी सरकार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी दिलाने का वादा पूरा कर रही है. इसी कड़ी में 26 से 28 अगस्त तक तीन दिवसीय रोजगार महाकुम्भ-2025 का आयोजन लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाला है.

सहायक निदेशक सेवायोजन (वाराणसी मंडल), मुकेश कुमार ने बताया कि जिले में 2017 से अब तक आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से पूर्वांचल के 97,337 से अधिक युवाओं को देश तथा विदेशों में जॉब के ऑफर प्राप्त हो चुके हैं. बताया कि रोजगार महाकुम्भ सरकार की ओर से 50 हजार युवाओं को उनके योग्यता के अनुसार नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है.

विदेश में नौकरी:

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि रोजगार महाकुंभ 2025 के जरिए युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात, जापान, जर्मनी और सऊदी अरब जैसे देशों में नौकरी का अवसर मिल सकता है. इसके साथ ही भारत की नामी-गिरामी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का मौका भी यह रोजगार महाकुंभ देगा.

युवाओं को AI का प्रशिक्षण: रोजगार महाकुंभ में इस बार एआई प्रशिक्षण मंडप विशेष आकर्षण का केंद्र भी है. यहां उद्योग विशेषज्ञों के सहयोग से युवाओं को डिजिटल कौशल और एआई आधारित नौकरियों की तैयारी के लिए प्रशिक्षण भी मिलेगा. इसके अतिरिक्त, रोजगार एवं कौशल प्रदर्शनी के माध्यम से भविष्य के रोजगार संबंधी रुझानों तथा सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा.

यहाँ पोर्टल पर करें आवेदन: रोजगार महाकुंभ-2025 में भाग लेने के इच्छुक युवा रोजगार संगम पोर्टल (https://rojgaarsangam .up.gov.in) पर पंजीकरण कर सकते हैं. यह आयोजन नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक विशेष अवसर है.

170 से ज्यादा कंपनियां: सूबे का सबसे बड़ा रोजगार मेला माने जा रहे इस आयोजन में 170 से ज्यादा कंपनियों के प्रतिभाग करने का अनुमान लगाया जा रहा है. इनके जरिए गल्फ कंट्री में नौकरी मिलने की ज्यादा उम्मीद है. कंपनियों में टाटा मोटर्स, वीविन लिमिटेड, जेएनएस इन्स्ट्र. प्रा.लि., एजिस फिडरेल लाइफ इन्स्योरेंस एवं अडाज वे. प्रा.लि. नौकरी का ऑफर दे सकती हैं.

इन जॉब्स के ऑफर: रोजगार महाकुंभ में कई तरह के पदों पर जॉब्स के ऑफर मिलेंगे. इसमें कारखाने में वर्कर से लेकर मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर, इंजीनियर तथा तकनीकी कामों में दक्ष लोगों के लिए पद निर्धारित हैं. इन्हीं पदों के अनुरूप वेतन का निर्धारण भी मौके पर ही कंपनियां तय करेंगी और ऑफर लेटर देंगी.