लखनऊ में बीती रात से भारी बारिश, इन 30 जिलों के लिए अलर्ट हुआ जारी

Monsoon IN UP: यूपी में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय है। राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में भारी बारिश हो रही है।

Monsoon IN UP:  पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्वी तथा पश्चिमी संभागों में मानसून सामान्य रहा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी वर्षा हुई. जबकि पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी बरसात दर्ज की गई. लखनऊ में रविवार दोपहर बाद मौसम बदलने के साथ तेज बारिश शुरू हुई, जो आज यानी सोमवार की सुबह तक बंद नहीं हुई है। रातभर बादल गरजने के साथ झमाझम बरसात होती रही। वहीं, सुबह भी रिमझिम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जबकि लखनऊ में बारिश का यलो अलर्ट है।

सितंबर में यूपी में सामान्य से अधिक बारिश का पूर्वानुमान

माैसम विभाग ने रविवार को पूर्वानुमान जारी किया कि उत्तर प्रदेश में सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश के आसार हैं। यूपी समग्र रूप से बात करें तो अगस्त में सामान्य से 2 प्रतिशत अधिक बरसात हुई। क्षेत्रवार आंकड़ों की बात करें तो पश्चिमी यूपी में अगस्त में कुल 237.6 मिमी यानी सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक और पूर्वी यूपी में 244 मिमी यानी सामान्य से 1 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।

चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, भदोही, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी व आसपास के इलाकों में भी अधिक बारिश के आसार हैं। सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश में सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश होगी। राजधानी लखनऊ में अगस्त में 52 प्रतिशत अधिक 307.8 मिमी वर्षा हुई।

एक जून से 31 अगस्त तक राजधानी में कुल 542.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जो 519.3 मिमी के अपने दीर्घावधि औसत से पांच प्रतिशत अधिक है। सितंबर महीने के दौरान भी राजधानी समेत प्रदेश के मध्यवर्ती क्षेत्रों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है।