Bulldozer Action: नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को यमुना नदी के डूब क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सेक्टर-151 और सेक्टर-155 क्षेत्र में बने 35 से अधिक आलीशान फार्म हाउसों को ध्वस्त कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, ये फार्म हाउस यमुना के डूब क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए थे, जिनमें स्विमिंग पूल और अन्य लग्जरी सुविधाएं मौजूद थीं। इन निर्माणों से नदी की धारा बाधित हो रही थी। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम को फार्म हाउस मालिकों के विरोध का भी सामना करना पड़ा, लेकिन प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई पूरी की।
डीएम के आदेश पर कार्रवाई
इस कार्रवाई को अंजाम देने से पहले डीएम मेधा रूपम ने 20 अगस्त को नदियों के किनारे हो रहे अवैध निर्माणों को रोकने के निर्देश दिए थे। उनके आदेश के बाद जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग और नोएडा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत, अब तहसील दादरी क्षेत्र में हर मंगलवार, सदर तहसील क्षेत्र में हर बुधवार और जेवर क्षेत्र में हर गुरुवार अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ रहे हैं अवैध फार्म हाउस
नोएडा प्राधिकरण द्वारा वर्ष 2021 में किए गए सर्वे में यमुना डूब क्षेत्र में लगभग 1,000 अवैध फार्म हाउस की पहचान की गई थी। अब इनकी संख्या बढ़कर करीब 5,000 तक पहुंच गई है। इनमें से कई फार्म हाउस कथित तौर पर अवैध गतिविधियों, जैसे चरस-गांजा कारोबार और अवैध पार्टियों के अड्डे बन चुके हैं।
पिछले एक साल में पुलिस तीन ऐसे गैंगों को पकड़ चुकी है, जो इन फार्म हाउसों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों के लिए कर रहे थे।
कार्रवाई से अवरोधमुक्त हुई नदी की धारा
अधिकारियों का दावा है कि इस अभियान से लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में यमुना नदी की धारा को अवरोधमुक्त कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।