Vaishno Devi Landslide: श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से 30 लोगों की मौत हो गई है। यात्री फंसे हुए हैं और बचाव कार्य जारी है। ख़राब मौसम के कारण यात्रियों को यात्रा स्थगित करने की सलाह दी गई है।
Vaishno Devi Landslide: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भीषण भूस्खलन में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 23 घायल हो गए हैं। बुधवार को हुई इस घटना ने त्रिकुट पहाड़ी पर स्थित तीर्थस्थल के रास्ते को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में अभी और लोग फंसे हो सकते हैं और बचाव कार्य जारी है। कटड़ा (katra landslide news) में भारी बारिश से वैष्णो देवी मंदिर के पास भूस्खलन हुआ।
जम्मू लैंडस्लाइड में 30 से ज्यादा मौतें
आपको बता दें कि जम्मू में कटरा स्थित माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई. साथ ही इस हादसे में 23 लोग घायल हुए हैं. कई जगहों पर लैंडस्लाइड/भूस्खलन के बाद मलबा जमा होने और पत्थर गिरने से जम्मू-कटरा राजमार्ग बंद करना पड़ा है. उधर, नॉर्दर्न रेलवे ने भी बुधवार को 22 ट्रेनें रद्द कर दीं.
लगातार हो रही बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण अब तक 3,500 से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जिला प्रशासन, जम्मू-कश्मीर पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, भारतीय सेना और स्थानीय स्वयंसेवकों की संयुक्त टीमें बचाव और राहत कार्यों में जुटी हैं। लोगों को जोखिम वाले इलाकों से निकालकर अस्थायी आश्रयों में भेजा जा रहा है। वहां उन्हें भोजन, स्वच्छ पानी और चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश के बड़े हिस्से में संचार सेवाएं बाधित हैं, जिससे संकट और गहरा गया है।