योगी सरकार ने शुरू की स्मार्ट नगर पालिका योजना, मिलेगा 4 से 10 करोड़ का अनुदान

UP Government: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की जिला मुख्यालयों वाली नगर पालिकाओं को आधुनिक स्वरूप में बदलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को “स्मार्ट-विकसित नगर पालिका योजना” (smart municipality scheme) का क्रियान्वयन तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य नगर पालिकाओं को आधुनिक, आत्मनिर्भर और नागरिक-केंद्रित स्वरूप प्रदान करना है। इसके अंतर्गत नगर पालिकाओं में गौरव पथ, पिंक टॉयलेट, शहरी सुविधा केंद्र, स्मार्ट क्लासरूम व आंगनबाड़ी, थीम आधारित पार्क, ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण, जलाशयों का पुनर्जीवन, ईवी चार्जिंग स्टेशन, ग्रीन क्रेमेटोरियम और डिजिटल सेवाओं जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
सीएम योगी ने कहा कि इस योजना में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)’ आधारित ढांचे, सामुदायिक केंद्र और उत्सव भवन भी शामिल किए जाएंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

हब-एंड-स्पोक मॉडल पर होगी निगरानी
मुख्यमंत्री ने योजना को हब-एंड-स्पोक मॉडल पर लागू करने का सुझाव दिया। उदाहरण के तौर पर, लखनऊ और गोरखपुर स्थित एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से नजदीकी जिला मुख्यालयों की नगर पालिकाओं को जोड़ा जा सकेगा। इससे सुरक्षा, निगरानी और शिकायत निवारण जैसी सेवाओं को बेहतर बनाया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें…

Ayodhya में पेजावर मठ की टोली ने की श्रीराम स्तुति, 65 महिलाओं की रही सहभागिता

अनुदान और वित्तीय अधिकारों में वृद्धि
अधिकारियों ने बताया कि नगर निकायों को उनकी जनसंख्या और कार्यदक्षता के आधार पर 4 से 10 करोड़ रुपये तक का अनुदान उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला मुख्यालयों की नगर पालिकाओं को विकसित-स्मार्ट स्वरूप देने से न केवल आधारभूत संरचना मजबूत होगी बल्कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी सेवाएं भी मिलेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगमों और निकायों की वित्तीय स्वीकृति सीमाओं को 20 साल बाद बढ़ाया जाएगा, ताकि 74वें संविधान संशोधन की भावना के अनुरूप उन्हें अधिक अधिकार मिल सकें।

यह भी पढ़ें…

इंडिया गठबंधन को मजबूत करने के बहाने यूपी की चौसर सजाने में जुटे अखिलेश

ई-मोबिलिटी को बढ़ावा
बैठक में लखनऊ और कानपुर में 200 इलेक्ट्रिक बसों को नेट कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट मोड पर संचालित करने तथा अन्य नगरों में 650 बसों की खरीद का प्रस्ताव रखा गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ईवी बसों को बढ़ावा दिया जाए और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी जल्द तैयार किया जाए।

खेल सुविधाओं पर भी जोर
सीएम योगी ने लखनऊ में शहीद चंद्रशेखर आजाद अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज और बहुउद्देश्यीय खेल परिसर की स्थापना के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को पीपीपी मॉडल पर प्राथमिकता से लागू किया जाए, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल सके और स्थानीय स्तर पर रोजगार भी सृजित हों।

यह भी पढ़ें…

मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि–शाही ईदगाह विवाद पर आज अहम सुनवाई, तय किए जायेंगे वाद के बिंदु