शादी का विरोध बना खून की वजह, दुमका में प्रेमी ने दंपती की हत्या कर बेटियों पर किया हमला

Jharkhand Crime News: झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सुंदराप्लान गांव में सोमवार की रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे एक वृद्ध दंपती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, जबकि उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मृतकों की पहचान साहेब हेम्ब्रम (63 वर्ष) और उनकी पत्नी मंगली किस्कु (60 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल बेटियों में हीरामुनि हेम्ब्रम (25 वर्ष) और बेनी हेम्ब्रम (17 वर्ष) शामिल हैं। घटना देर रात 2 से 3 बजे के बीच उस समय हुई, जब तेज बारिश हो रही थी।

घायल बेटियों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और घायलों को तत्काल दुमका फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह भी पढ़ें…

JPSC रिजल्ट में देरी से अभ्यर्थियों का गुस्सा… रांची में प्रदर्शन, शीघ्र घोषणा की मांग

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की वजह प्रेम संबंध का विरोध सामने आया है। मृतक दंपती की बड़ी बेटी का प्रेमी, जो पाकुड़ जिले का निवासी और दिव्यांग है, पर इस वारदात का आरोप है। बताया जा रहा है कि लड़की के माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी गुस्से में आरोपी ने दंपती पर हमला कर हत्या कर दी और बेटियों को भी घायल कर दिया।

यह भी पढ़ें…

बिहार की राजनीति पर हेमंत सोरेन का बयान, कहा- वोट चोरी की साज़िश बेनकाब

एसपी ने कहा कि आरोपी वारदात की रात घर आया हुआ था और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घायलों से पूछताछ के बाद घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें…

CM Stalin जर्मनी-यूके दौरे पर रवाना, निवेश आकर्षित करने और वैश्विक साझेदारी पर है फोकस